बस्ती (उ.प्र.)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत प्रदेश भर में लगातार ‘संविधान बचाओ’ और ‘संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ’ के नारे के साथ महारैलियों का आयोजन कर रहे हैं।
इसी क्रम में खलीलाबाद (संत कबीर नगर) में 8 फरवरी 2026 को एक विशाल जनसभा महारैली प्रस्तावित है। महारैली की तैयारी और प्रचार-प्रसार को लेकर आज तेनुवा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव डॉ. मोहम्मद आकिब रहे। उन्होंने पार्टी की नीतियों, संविधान की रक्षा और सामाजिक भाईचारे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनता से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आह्वान किया।
डॉ. आकिब ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता को एकजुट होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को मजबूती देने की अपील की। कार्यक्रम में बृजेश यादव, अब्दुल बारी, मुजीब खान, सूरज, किस्मत अली, बबलू, अशफाक, इस्माईल, अखलाक, राम सूरत सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

