यूपी ब्यूरो, चिल्हिया, सिद्धार्थनगर (उ.प्र.)। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, एंटी रोमियो अभियान तथा साइबर अपराधों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना चिल्हिया पुलिस ने एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को मजबूत बनाने के लिए चलाया जा रहा है, जो शारदीय नवरात्रि से प्रारंभ होकर एक माह तक चलेगा।
थाना चिल्हिया के ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्कूल के छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं उपस्थित ग्रामीणों को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत महिलाओं को विशेष रूप से संबोधित किया गया। वक्ताओं ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों एवं साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग अत्यंत उपयोगी है। इनमें प्रमुख रूप से 1090, 181, 1076, 112, 1098, 108, 101, 14567 एल्डर हेल्पलाइन (वरिष्ठ नागरिकों के लिए) तथा 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन शामिल हैं। प्रतिभागियों को इन नंबरों को स्मृति में रखने एवं संकट की घड़ी में तत्काल सहायता लेने की सलाह दी गई।
एंटी रोमियो अभियान के संदर्भ में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने युवतियों एवं महिलाओं को सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने पर बल दिया। साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी प्रोफाइल एवं निजी जानकारी साझा न करने जैसे मुद्दों पर जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा तकनीकों का भी प्रारंभिक प्रदर्शन किया गया, जिससे उपस्थित बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा। इस अवसर पर उप निरीक्षक अमित कुमार शाही, उप निरीक्षक मोतीलाल यादव, उप निरीक्षक लालचंद्र यादव, महिला हेल्पडेस्क प्रभारी नीता प्रसाद, महिला कांस्टेबल सीमा यादव एवं कांस्टेबल सुनील कुमार सहित थाना चिल्हिया की पुलिस टीम उपस्थित रही। कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य एवं अभिभावकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई तथा पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित किया।
‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के तहत प्रदेशभर में 1647 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी एसओपी पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया जा रहा है। सिद्धार्थनगर जिले में यह अभियान महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मील का पत्थर साबित हो रहा है। जिला प्रशासन ने सभी थानों को निर्देश दिए हैं कि इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि महिलाएं एवं बालिकाएं न केवल सुरक्षित महसूस करें, बल्कि स्वावलंबी भी बनें।
सिद्धार्थनगर में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत थाना चिल्हिया ने चलाया महिला सशक्तिकरण जागरूकओ

