नई दिल्ली:कैबिनेट ने तीन सदस्यीय दल को सात दिन के लिये अंतरिक्ष में भेजने की गगनयान परियोजना को मंजूरी दे दी है। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यह जानकारी दी। गगनयान परियोजना के तहत 2022 तक तीन भारतीयों को कम से कम 7 दिनों के लिए अंतरिक्ष में भेजे जाने की योजना है। इस कार्यक्रम से भारत की अंतरिक्ष क्षमता में बढ़ोतरी होगी। गगनयान स्वदेशी मानवयुक्त स्पेसफ्लाइट होगा।
मानव को अंतरिक्ष में भेजने वाला भारत चौथा देश होगा। भारत से पहले अमेरिका, रूस और चीन ऐसा कर चुके हैं।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से कहा था कि साल 2022 तक ‘‘गगनयान” के माध्यम से भारतीय अंतरिक्ष में जायेंगे।
रविशंकर प्रसाद ने नई दिल्ली में कहा कि इस परियोजना पर 10 हजार करोड़ की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को 2022 तक अमल में लाया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना में मदद के लिये भारत ने पहले ही रूस और फ्रांस के साथ समझौते किये हैं।

