कांदिवली। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रेक्षा फाउंडेशन एवं प्रेक्षावाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में प्रेक्षा ध्यान योग साधना केंद्र द्वारा प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी गार्डन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रेक्षा प्रशिक्षक श्री पारसमल दुगड़ द्वारा त्रिपदी वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात वरिष्ठ प्रेक्षा प्रशिक्षिका श्रीमती विमलादेवी दुगड़ ने मंगल भावना का आयोजन कराया। तत्पश्चात केंद्र के सभी प्रशिक्षकों द्वारा सामूहिक स्वर में प्रेक्षागीत का संगान प्रस्तुत किया गया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में श्री पारसमल दुगड़ ने योग के महत्व पर प्रभावशाली उद्बोधन दिया तथा उपस्थित साधकों को वार्म-अप अभ्यास कराया। इसके उपरांत *श्रीमती विमलादेवी दुगड़ ने गर्दन, कंधों, कमर एवं घुटनों से संबंधित सूक्ष्म व्यायामों का अभ्यास करवाया।
दुगड़ दम्पति के मार्गदर्शन में बैठकर, लेटकर, पेट एवं पीठ के बल किए जाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास संपन्न कराया गया। साथ ही दीर्घ श्वास प्रेक्षा, समताल श्वास प्रेक्षा एवं कायोत्सर्ग प्रयोग का भी अभ्यास कराया गया।
विविध योगासन एवं ध्यान साधना के माध्यम से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में श्री भागवत जोशी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महोत्सव टीवी चैनल की टीम भी उपस्थित रही। कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग की गई, जिसका प्रसारण *जिओ फाइबर 4087 महोत्सव टीवी चैनल पर किया जाएगा। अंत में श्री पारसमल दुगड़ ने सभी उपस्थित साधकों को संकल्प दिलवाकर कार्यक्रम का समापन किया।

