कप्तानगंज, बस्ती। कप्तानगंज थाना पुलिस ने 27 सितंबर को गढ़हा गौतम अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो लोगों को कथित तौर पर 1 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त थे। बरामद गांजा एक सफेद झोले में रखा मिला। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छावनी थाना क्षेत्र के डुहवा मिश्र गांव निवासी अतुल पाठक (54) और अविनाश मिश्रा उर्फ चुन्नू ज्योतिष (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय भेजे जाने की कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, अतुल पाठक के खिलाफ बस्ती और गोंडा जनपद के विभिन्न थानों में वर्ष 2017 से 2025 के बीच कुल 23 मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। इनमें एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट/संबंधित धाराएं, गिरोहबंद अधिनियम तथा बीएनएस की विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, अविनाश मिश्रा के खिलाफ वर्ष 2026 में दुबौलिया थाने में बीएनएस की धाराओं में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस कार्रवाई में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह और कांस्टेबल जयप्रकाश शामिल रहे।
