बारामती (पुणे)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख नेता अजीत पवार का बुधवार सुबह एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।हादसा बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हुआ। अजीत पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां वे आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए जनसभाओं को संबोधित करने वाले थे। विमान एक प्राइवेट चार्टर्ड Learjet 45 था, जो VSR एविएशन द्वारा संचालित था। यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट के रनवे से लगभग 100 फीट पहले पहाड़ी इलाके में में हुआ। उनके निधन से महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है तथा उनका अंतिम संस्कार कल बारामती में किया जाएगा।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, पायलट ने दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की। सुबह कोहरा होने के कारण दृश्यता कम थी, जिससे विमान अनियंत्रित हो गया और क्रैश हो गया। क्रैश के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जो 20 मिनट तक जलती रही। विमान में अजीत पवार (66 वर्ष), उनका पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO), एक अटेंडेंट, और दो क्रू मेंबर (पायलट और फर्स्ट ऑफिसर)। सभी की मौत मौके पर हो गई। शव इतने झुलसे हुए थे कि अजीत पवार की पहचान उनके हाथ की घड़ी से हुई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बारामती में होगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेता शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे “झटका देने वाली और दुखद” घटना बताया और अजीत पवार के योगदान की सराहना की।
गृह मंत्री अमित शाह ने इसे “व्यक्तिगत क्षति” करार दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, शरद पवार, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी, बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल सहित कई नेताओं ने गहरा शोक जताया। बारामती और मुंबई में एनसीपी कार्यकर्ता सड़कों पर जमा होकर रो रहे हैं। अस्पताल के बाहर हजारों लोग पहुंचे हैं।
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) और Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) ने जांच शुरू कर दी है। विमान 16 साल पुराना था, लेकिन कंपनी ने दावा किया है कि इसमें कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। कोहरे और मौसम को मुख्य वजह माना जा रहा है। अजीत पवार महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर स्तंभ थे। सहकारी क्षेत्र, सिंचाई और ग्रामीण विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनका असामयिक निधन न केवल एनसीपी बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।महाराष्ट्र सरकार ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
विमान हादसे में अजीत पवार सहित पांच लोगों के निधन से महाराष्ट्र में शोक की लहर
Highlights
- कल होगा अंतिम संस्कार, महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित

