ट्रिप्लिकेन, चेन्नई। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण द्वारा तेरापंथ धर्मसंघ मे युवाचार्य पद पर मुख्यमुनि श्री महावीर कुमार की नियुक्ति होने पर मुनिश्री डॉ. पुलकितकुमार ठाणा 2 के पावन सान्निध्य मे ट्रिप्लिकेन तेरापंथ भवन में चेन्नई की समस्त तेरापंथी सभा- संस्थाओं द्वारा युवाचार्य वर्धापना समारोह मनाया गया।
इस अवसर पर मुनिश्री ने फरमाया कि युवाचार्य श्री महावीर बाल्यकाल से ही प्रतिभावान रहे हैं। उन्हे आचार्य महाश्रमण द्वारा उत्तम श्रुतधारक का सम्मान मिला। उनमे विद्या, विनय और विवेक का त्रिवेणी संगम देखा जा सकता है। उनमे बेजोड गुरुभक्ति है। मुनिश्री ने आगे फरमाया कि तेरापंथ धर्मसंघ मे युवाचार्य मनोनयन प्रक्रिया मे गुरुकृपा एवं गुरु विश्वास प्राप्त करने वाला ही इस पद पर आसीन होता है। नवम युवाचार्य ने आचार्य महाप्रज्ञ से दीक्षा व आचार्य महाश्रमण से शिक्षा संस्कार प्राप्त किये। आज संपूर्ण चेन्नई श्रावक समाज मंगल कामना करता है कि युवाचार्य महावीर स्वस्थ रहे, समाधिस्थ रहे और आत्मस्थ बने रहते हुए जन- जन को प्रेरणा प्रदान करते रहे।
नचिकेता मुनि आदित्यकुमार ने स्वरचित गीत का संगान कर अभ्यर्थना की। इस आयोजन मे मुख्यवक्ता अंतर्राष्ट्रीय प्राकृत अध्ययन व शोधकेंद्र के पूर्व निदेशक, अणुव्रत समिति उपाध्यक्ष श्री दिलीपजी धींग ने कहा कि युवाचार्य महावीर युवावस्था में संघ का नेतृत्व संभाल रहे है। यह जैन शासन की प्रभावना बढाने वाला होगा। मुख्य अतिथि लायन्स क्लब मीनमब्बाकम के भूतपूर्व अध्यक्ष श्री गौतमचन्द बोहरा ने कहा कि युवाचार्य महावीर की आज्ञानिष्ठा बेजोड है। उसे हमे अपनाना चाहिए। इससे पूर्व मुनिश्री द्वारा नमस्कार महामंत्र के संगान से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। ट्रिप्लीकेन तेरापंथ ट्रस्ट के प्रबन्धन्यासी श्री संतोषकुमार धारीवाल ने स्वागत भाषण देकर युवाचार्य के प्रति मंगलकामना दी। ट्रिप्लीकेन तेरापंथ महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती मंजू गेलड़ा ने वर्धापन स्वर की अभिव्यक्त कर महिला मण्डल के साथ गीत का संगान किया।
महासभा आंचलिक प्रभारी श्री विमल चिप्पड़, जैविभा एवं अभातेयुप जेटीएन प्रतिनिधि श्री संदीप मुथा, चेन्नई तेरापंथी सभा अध्यक्ष श्री महेन्द्र माण्डोत, तेयुप उपाध्यक्ष श्री मुकेश आच्छा, अणुव्रत समिति चेन्नई अध्यक्षा श्रीमती सुभद्रा लुणावत, टंडियारपेट ट्रस्ट के प्रबन्धन्यासी श्री पूनमचंद माण्डोत, उपासक श्री स्वरूपचन्द दाँती, माधावरम तेरापंथ ट्रस्ट के प्रबन्धन्यासी श्री घीसूलाल बोहरा, गुड़ियातम से समागत श्रीमती कंचन समदडिया, श्री सुरेश सुराणा, श्री जतन पुंगलिया, श्रीमती सारिका मरलेचा आदि अनेक गणमान्य महानुभावों ने गीत व वक्तव्य के माध्यम से वर्धापन समारोह में अपनी अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। आमंत्रित अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेट कर सम्मानित किया गया। ट्रिप्लीकेन तेरापंथ ट्रस्ट के पूर्व मुख्यन्यासी श्री गौतमचन्द सेठिया ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। उपाध्यक्ष श्री विजयकुमार गेलड़ा ने आयोजन का कुशल संचालन कर यह जानकारी प्रदान की।
विद्या, विनय, विवेक का त्रिवेणी संगम युवाचार्य महावीर – मुनिश्री डॉ. पुलकित कुमार
Highlights
- ट्रिप्लीकेन तेरापंथ भवन मे युवाचार्य वर्धापन समारोह का हुआ आयोजन

