मुंबई: महाराष्ट्र में संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या पांच हजार का आंकड़ा पार करके 5 हजार 649 तक पहुंच गई है। वहीं, मौत की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। राज्य में अब तक 269 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, राहत की बात यह है कि अब तक प्रदेश में 789 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इस बीच, एक विदेशी क्रूज पर समुद्र में फंसे 146 भारतीयों को मुंबई बंदरगाह पर उतरने की अनुमति केंद्र सरकार से मिल गई है। इस बारे में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने खुद केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मांडविया से बात की थी।
विदेशी क्रूज मरीला डिस्कवरी पर 146 भारतीय फंसे हुए हैं। इन्हें गुरुवार शाम तक मुंबई पोर्ट पर लाया जा सकता है। भारतीय कर्मचारियों को उतारने के बाद क्रूज नॉर्वे के लिए रवाना हो जाएगा। दरअसल, क्रूज को 2 से 6 अप्रैल के बीच कोचीन, न्यू मंगलोर, गोवा और मुंबई जाना था। क्रूज 12 अप्रैल को कोचीन पहुंच गया, लेकिन कोचीन में उतरने की इजाजत नहीं दी गई। इसके बाद 14 अप्रैल को क्रूज मुंबई पहुंचा था। क्रूज कंपनी ने सरकार को बताया है कि यह क्रूज थाईलैंड से 37 दिन पहले रवाना हुआ था। क्रूज पर मौजूद किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण नहीं हैं।
मुस्लिम डिलीवरी बॉय से किराना लेने से मना करने पर केस दर्ज
ठाणे के कश्मीरा इलाके में मुस्लिम डिलीवरी बॉय से सामान नहीं लेने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारी संजय हजारे ने बताया कि आरोपी गजानन चतुर्वेदी (51) के खिलाफ आईपीसी की धारा 295 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसने डिलीवरी बॉय से उसका नाम पूछा फिर सामान लेने से इनकार कर दिया।

