मुंबई:मालेगांव में पुलिसवालों पर भीड़ द्वारा पुलिसवालों पर हमला किया गया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सैंकड़ों लोग पुलिसवालों को दौड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। हमला करने वाले लोग मालेगांव में लगातार बढ़ रहे प्रतिबंध से नाराज थे। वारदात गुरुवार सुबह 9 बजे के आसपास अल्लाम इकबाल ब्रिज के पास स्थित निषाद चौक पर हुई है। हमलावरों की संख्या तकरीबन 100-150 के करीब बताई जा रही है। हमलावार अचानक घरों से बाहर निकले और उन्होंने अल्लामा इकबाल पुल पर लगी बैरिकेड को तोड़कर, मोतीबाग नाका क्षेत्र तक पहुंचने की कोशिश की। इसके बाद राज्य रिजर्व पुलिस के जवानों ने भीड़ को तितर-बितर किया।
भीड़ ने बैरिकेड और कुर्सियां तोड़ी
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मंगेश चव्हाण मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों को समझाया। चव्हाण ने कहा है कि पुलिस पर किसी तरह का कोई पथराव नहीं हुआ है। पूरी स्थिति नियंत्रण में है और हम मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों से बात करके यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों तक जरूरत की चीजें सही समय पर पहुंचे।
इसलिए नाराज हैं स्थानीय लोग
महाराष्ट्र के मालेगांव मे कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 101 पहुंच गई है। गुरुवार को 5 नए मामले समाने आए। मालेगांव महाराष्ट्र के रेड जोन में आता है। यहां के 18 इलाकों को कैंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इनमें निषाद चौक भी शामिल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके को सील करने के कारण दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी नहीं मिल रही हैं, जिनमें दवाइयां और किराना शामिल हैं।

