संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की शादी वाली तस्वीरों ने पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोरीं। हर जगह यही चर्चा थी क्या सच में दोनों ने शादी कर ली है? अब इन अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया है।
उनकी आगामी फिल्म “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, और अब यह साफ हो गया है कि वायरल तस्वीरें इस फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा थीं। फ़िल्म के ब्रांड-न्यू पोस्टर में संजय मिश्रा और महिमा चौधरी एक खूबसूरत हिल स्टेशन की पृष्ठभूमि में आमने-सामने बैठे नजर आते हैं। संजय मिश्रा के हाथ में “सेकंड इनिंग्स” नाम की किताब है, चेहरे पर हल्की-सी शरारती मुस्कान है, जबकि महिमा चौधरी ध्यान से कुछ पढ़ रही हैं और उनके हैंडबैग पर “जस्ट मैरिड (Just Married)” लिखा हुआ दिखाई देता है। दोनों के बीच की सहज और परिपक्व केमिस्ट्री पहली ही नजर में दिल जीत लेती है। फिल्म का निर्देशन सिद्धांत राज सिंह ने किया है और इसे एक्शा एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्माता एकांश बच्चन और हर्षा बच्चन ने प्रोड्यूस किया है, जबकि रमित ठाकुर सह-निर्माता हैं।
कहानी और स्क्रीनप्ले प्रशांत सिंह ने लिखे हैं। फिल्म में संजय मिश्रा और महिमा चौधरी के साथ व्योम, पलक लालवानी, प्रवीण सिंह सिसोदिया और श्रीकांत वर्मा भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएँगे। फिल्म को बनारस की गलियों और उसकी आध्यात्मिक खूबसूरती के बीच फिल्माया गया है। निर्माता एकांश बच्चन और हर्षा बच्चन कहते हैं, “हमने ऐसी कहानी बनाने की कोशिश की है जो दिल को छुए और एक सुंदर मुस्कान छोड़ जाए। प्यार और साथ की जरूरत हर इंसान को होती है, और हर किसी को जीवन जीने का दूसरा मौका भी मिलना चाहिए। संजय मिश्रा और महिमा चौधरी की जोड़ी स्क्रीन पर ताजगी लाती है। उनकी केमिस्ट्री वास्तविक है और ऑडियंस तुरंत उनसे जुड़ जाती है।
” निर्देशक सिद्धांत राज सिंह कहते हैं, “यह फिल्म सिर्फ कॉमेडी नहीं है, यह उम्मीद और नई शुरुआत की बात करती है। फिल्म में बनारस शहर भी कहानी के साथ एक किरदार बनकर उभरता है। दर्शक इसे थिएटर में महसूस करेंगे।” यह फिल्म एक रोमांटिक कॉमेडी है। साथ ही यह रिश्तों, उम्र, समाज और एक अधूरेपन की भावनात्मक बेचैनी को बहुत सरल और संवेदनशील तरीके से दर्शाती है। कहानी यह याद दिलाती है कि प्यार और साथी की तलाश किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। “दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी” 19 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह फिल्म उन सभी के लिए है जो मानते हैं कि ज़िंदगी जब दूसरा मौका देती है, तो वह पहले से ज़्यादा खूबसूरत हो सकता है।
वायरल शादी वाली तस्वीरों का सच सामने आया, फ़िल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ के पोस्टर में संजय मिश्रा-महिमा चौधरी की गजब केमिस्ट्री

