मुंबई:मुंब्रा में तीन तलाक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीन तलाक अधिनियम बनने के बाद यह महाराष्ट्र का पहला मामला बताया जा रहा है। महिला को उसके पति ने पिछले साल नवंबर में वॉट्सऐप पर तलाक दे दिया था लेकिन तब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब इस अधिनियम के अमल में आने के बाद गुरुवार को पति, सास और ननद के खिलाफ ट्रिपल तलाक कानून-2019 की धारा 4 और आईपीसी की धारा 406, 498 (अ) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। मुंब्रा पुलिस के मुताबिक, मुंब्रा निवासी 31 वर्षीय पीड़िता 6 माह के बच्चे की मां है। जब उसे तलाक दिया गया था, तब वह 7 महीने की गर्भवती थी। पीड़िता का निकाह मुंब्रा में ही रहने वाले इम्तियाज पटेल के साथ 7 सितंबर, 2015 को हुआ था। दोनों का यह दूसरा निकाह था। इम्तियाज अबूधाबी की किसी कंपनी में नौकरी करता था।
निकाह के बाद पीड़िता अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ रहती थी। आरोप है कि पति ने पीड़िता से मोटरसाइकल के लिए मायके से 50 हजार रुपये लाने को कहा था। पीड़िता ने मायके में यह बात नहीं बताई और अपनी एक सहेली से 50 हजार रुपये कर्ज लेकर पति को दे दिए थे। निकाह के एक माह बाद जब इम्तियाज अबुधाबी जाने लगा, तो उसने मोटरसाइकल बेच दी और रुपये पीड़िता को दे दिए।
नवंबर 2016 में इम्तियाज वापस लौटा, तो घर में होने वाले कलह के चलते उसने पत्नी को मायके छोड़ दिया था। 20 अगस्त 2017 को वह हमेशा के लिए अबुधाबी से लौट आया और मुंबई में नौकरी करने लगा। वह ससुराल में ही पत्नी के साथ रहने लगा था। सितंबर 2017 में पत्नी को इम्तियाज के मुंबई के विक्रोली में रहने वाली एक महिला से संबंध होने की बात पता चली। उसने शिकायत की, तो इम्तियाज उसके साथ मारपीट करने लगा और अंतत: 30 अक्टूबर, 2018 को उसने वॉट्सऐप पर तीन तलाक दे दिया।
वॉट्सऐप पर पत्नी को दिया तीन तलाक, मामला दर्ज

