जेनेबा:लगातार अपनी परमाणु और सैन्य ताकत मजबूत कर रहे उत्तरी कोरिया की जनता भूखमरी से परेशान है। संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट के हिसाब से यहां हर दस में से चार नागरिकों के सामने रोटी का संकट है। यूएन की रिपोर्ट को किम जोंग उन की सरकार ने राजनीति से प्रभावित बताकर खारिज कर दिया है। साथ ही कहा कि 2006 में उनके ऊपर लगाए गए परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम संबंधी प्रतिबंधों के कारण देश में गंभीर मानवीय स्थिति बनी हुई है।
आधी आबादी भुखमरी से जूझ रही
उत्तर कोरिया की आबादी 2.549 करोड़ है और उसमें से एक करोड़ दस लाख जनता भुखमरी से जूझ रही है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की भ्रष्टाचार धारणा सूचकांक में 177 देशों में इसका स्थान 175वां है।
राशन आपूर्ति कम हुई
यहां सरकार ने गरीब जनता की राशन आपूर्ति कम कर दी है। ऊपर से यहां सूखा आने के कारण फसल नष्ट हो गई इसलिए रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि आने वाले दिनों में उत्तर कोरियाई नागरिक और गहरे संकट से जूझेंगे।
गरीबों को हर सहायता के लिए देनी होती है रिश्वत
यहां सरकारी अफसर गरीबों से हर सरकारी सहायता के लिए बसूली करते हैं। रिपोर्ट में लिखा है कि नागरिकों के सब अधिकार इस बात पर निर्भर हैं कि वह कितनी रिश्वत दे सकता है। अफसर लोगों को जेल में डालने की धमकी देते हैं।
सैन्य बल के नाम पर हालात ढांकने की कोशिश
उत्तरी कोरिया में आर्थिक कुप्रबंधन के हालात में भी सैन्य बल को प्राथमिकता दी जा रही है। मानवाधिकारों के लिए उच्चायुक्त मिशेल बाचेलेट ने कहा कि यह देश परमाणु मुद्दे पर सबका ध्यान केंद्रित करके अपने यहां के नागरिकों की गंभीर मानवीय हालत से ध्यान हटाना चाहता है।
किम जोंग के रवैये से चर्चा में रहता है यह देश
कोरियाई प्रायद्वीप का यह देश अपने सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के आक्रामक रवैये के कारण चर्चा में रहता है। यहां लगातार परमाणु प्रशिक्षण चलते रहते हैं जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टकरावट की वजह बनते रहे हैं। प्रायद्वीप में शांति के प्रयास के लिए अमेरिका, रूस और जापान ने मिलकर हाल में कुछ शांतिवार्ता भी की हैं।
नागरिकों पर होती है कड़ी निगरानी
रिपोर्ट में लिखा है कि भोजन, स्वास्थ्य, आश्रय, काम, आंदोलन की स्वतंत्रता और बोलने के आजादी दुनिया के हर व्यक्ति के लिए हैं। लेकिन उत्तर कोरियाइयों को हर दिन गहन जांच और निगरानी से गुजरना पड़ता है। संयुक्त राष्ट्र ने यह रिपोर्ट 214 नागरिकों के साक्षात्कार के आधार पर किया है।

