चेंबूर। तेरापंथ महिला मंडल, चेंबूर द्वारा पारंपरिक एवं सांस्कृतिक रंगों से सुसज्जित गणगौर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वी श्री डॉ. योगक्षेम प्रभाजी के मंगलपाठ से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
आगंतुक बहनों का स्वागत पारंपरिक मीठे चावल से किया गया, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता का भाव प्रकट हुआ। सहमंत्री श्रीमती मित्तलजी बापना ने अपनी सुंदर कविता के माध्यम से गणगौर पर्व की विशेषता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके पश्चात बहनों द्वारा विविध गीतों एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से गणगौर उत्सव को बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। पार्वती जी के पीहर आगमन तथा भगवान शिव द्वारा उन्हें ससुराल ले जाने की संगीतमय नाटिका ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति, सर्वश्रेष्ठ मेहंदी एवं सर्वश्रेष्ठ पोशाक के लिए प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस सफल आयोजन का संयोजन कोर टीम सदस्य-श्रीमती जूलीजी परमार, श्रीमती भावना जी बड़ाला, श्रीमती रीनाजी धाकड़ एवं श्रीमती वीणाजी कोठारी द्वारा किया गया। मंडल अध्यक्ष श्रीमती सुमन जी नाहटा द्वारा तैयार की गई इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा की सभी बहनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। यह आयोजन न केवल संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का माध्यम बना, बल्कि महिला मंडल की एकता को भी सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हुआ। विशेष बात यह रही कि इस कार्यक्रम में कन्यामंडल, युवती मंडल एवं वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर सक्रिय सहभागिता निभाई और पूरे उत्सव को उल्लासपूर्ण बना दिया। रिपोर्टर दीपक राठौड़

