आगरा:ताजमहल पर मंगलवार को सैलानियों की भीड़ उमड़ी तो व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। टिकट काउंटर पर अफरा-तफरा रही। टर्न स्टाइल गेटों पर हंगामा हुआ। बच्चों, बुजुर्गों से लेकर महिला सैलानी काफी परेशान रहीं। मंगलवार को सैलानियों को टिकट खरीदने के लिए ही काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 27,728 सैलानी ताजमहल देखने के लिए आए। इसमें 23,919 देसी पर्यटक थे। 3527 विदेश और 282 सार्क देश के मेहमानों ने टिकट काउंटर से टिकट खरीदी। सुबह से शाम तक पूर्वी और पश्चिमी गेट के टिकट काउंटर पर हालात खराब रहे। पश्चिमी गेट पर टर्न स्टाइल गेट और टिकट काउंटर पर लाइन में लगे सैलानियों में कहासुनी भी हुई। पूर्वी गेट पर टिकट खरीदने के लिए भी मारामारी रही। लंबी-लंबी कतारे लगी रहीं।
औसतन 25 हजार खरीदते हैं विंडो से टिकट
सीजन शुरू होते ही सैलानियों की संख्या 30 हजार से अधिक हो जाती है। औसतन 25 हजार से अधिक सैलानी विंडो से टिकट खरीदते हैं। 35 फीसदी सैलानी ऑनलाइन टिकट खरीदकर ताजमहल पहुंचते हैं। इन सैलानियों की टिकट टर्न स्टाइल गेट पर मोबाइल से स्कैन हो जाती है। ऑनलाइन टिकट खरीदकर आने वाले सैलानियों का कोई रिकॉर्ड नहीं होता है।
दो मिनट में मिलती है गाइड को टिकट
सैलानियों ने स्थानीय लोगों और गाइडों को जल्दी टिकट देने के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि पूर्वी और पश्चिमी गेट पर खड़े गाइडों को टिकट महज दो मिनट में मिलती है। सैलानी घंटों लाइनों में लगे रहते हैं। मंगलवार को भी ऐसा हुआ। पश्चिमी गेट के टिकट काउंटर पर खड़े रहने वाले गाइड सैलानियों को दूर से ही लपक लेते हैं। उन्हें घंटों लाइन के झमेले से बचाने का प्रलोभन देते हैं। ये गाइड काउंटर के बगल से घुसकर टिकट खरीद लेते हैं।

