बैंग्लोर। स्वयम् – वी कनेक्ट महिला बिज़नेस रेफरल ग्रुप की 5वें कार्यकाल की 9वीं बैठक दिनांक 18 फरवरी 2026 को राजाजीनगर स्थित जीतो बैंगलोर नॉर्थ कार्यालय में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यह बैठक जेएप्डब्लू चेयरपर्सन श्रीमती लक्ष्मी बाफना के मार्गदर्शन में हुई। बैठक का संचालन स्वयम् – वी कनेक्ट की लीडरशिप टीम—रिफरल हेड श्रीमती लीला पितालिया, रिफरल लीड श्रीमती मीनू जैन एवं रिफरल सेक्रेटरी श्रीमती संगीता जैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार मंत्र के जाप से हुई।
मुख्य सत्र में माइंडसेट कोच एवं हिप्नोथेरेपिस्ट श्रीमती संगीता जैन ने “मन” विषय पर प्रेरक एवं गतिविधि-आधारित प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि हमारा मन एक सुपरकंप्यूटर की तरह कार्य करता है और जागरूक सोच हमारे आत्मविश्वास, कार्यों एवं परिणामों को सकारात्मक दिशा दे सकती है। उन्होंने अवचेतन मन की शक्ति, कल्पना के महत्व तथा विचार से परिणाम तक की प्रक्रिया को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए उपस्थित महिला उद्यमियों को अपनी सोच को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
बैठक के “8 मिनट प्रस्तुतकर्ता” सत्र में फैशन डिज़ाइनर एवं कार्वा स्टोर की संस्थापक श्रीमती निकिता जैन ने अपने कार्यों का प्रभावी परिचय दिया। उन्होंने प्रोफेशनल एवं अवसर विशेष परिधानों की कस्टम डिज़ाइनिंग, सस्टेनेबल रीडिज़ाइन एवं रीसाइक्लिंग कॉन्सेप्ट सहित लहंगा, साड़ी, इंडो-वेस्टर्न और मेंसवियर में अपनी विशेषज्ञता साझा की। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा पैन इंडिया एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डिलीवरी दी जा रही है और वे महिला कला रत्न अवॉर्ड से सम्मानित हो चुकी हैं।
बैठक में सभी सदस्यों ने “TRUST” थीम पर अपने 30-सेकंड पिच आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किए, जो आपसी विश्वास और व्यवसायिक स्पष्टता का परिचायक रहा। इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ 30-सेकंड पिच हेतु श्रीमती संतोष कोठारी, सर्वाधिक व्यवसाय उत्पन्न करने हेतु श्रीमती सिंपल जैन तथा सराहना पुरस्कार हेतु श्रीमती रंजना दोधिया को सम्मानित किया गया। स्वयम् – वी कनेक्ट अध्याय निरंतर विश्वास, सहयोग और सामूहिक सफलता के विज़न के साथ महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में अग्रसर है।
स्वयम् – वी कनेक्ट महिला बिज़नेस रेफरल ग्रुप की 9वीं बैठक सफलतापूर्वक आयोजित

