मुंबई। तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली द्वारा 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन तेरापंथ भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र से हुआ। तत्पश्चात महिला मंडल एवं कन्या मंडल द्वारा संयुक्त रूप से सुमधुर मंगलाचरण एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती सुधा जी सियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं वंदे मातरम् की भावना पर अपने विचार रखे। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा युवा अध्यक्ष श्री मितेश जी पेनकर, नगरसेविका श्रीमती रंजना मितेश जी पेनकर एवं उनकी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि श्री मितेश जी पेनकर ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि हमें केवल यह नहीं सोचना चाहिए कि देश ने हमें क्या दिया, बल्कि यह भी विचार करना चाहिए कि हमने देश को क्या दिया। नगरसेविका श्रीमती रंजना मितेश जी पेनकर ने भी देशप्रेम एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों पर विचार व्यक्त किए।
इसके पश्चात श्रीमान विपिन जी मेहता, श्रीमान दलपत जी इंटोदिया श्रीमान विनोद जी सिंघवी एवं कन्यामंडल संयोजिका खुशी कोठारी ने भी देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रेरणादायी विचार साझा किए।स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित चित्र-दर्पण प्रतियोगिता के प्रथम एवं द्वितीय विजेताओं के नाम घोषित किए गए तथा उनकी कविताएं सभी के समक्ष प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम में सभा, महिला मंडल, कन्या मंडल, ज्ञानशाला, अनुव्रत टीम एवं सभी सभा संस्थाओं के सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।कार्यक्रम का सुंदर संचालन सोनिका जी बाफना ने किया, आभार ज्ञापन मंत्री मीना धाकड़ ने किया स्वतंत्रता दिवस के नारों, राष्ट्रभक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में यह गरिमामय समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह जानकारी महिला मंडल सदस्य हेमलता मुनोत द्वारा दी गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह – तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली

