नई दिल्ली:दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की तबीयत और बिगड़ गई है। फेफड़ों में संक्रमण बढ़ने के बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। सत्येंद्र जैन का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री का कार्यालय की ओर से शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोविड-19 के इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हैं और गुरुवार को उनकी हालत में थोड़ा सुधार देखा गया था, लेकिन उनका बुखार खत्म नहीं हुआ है। 55 वर्षीय स्वास्थ्य मंत्री को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन की सहायता दी जा रही है। जैन की जांच में बुधवार को कोविड-19 की पुष्टि हुई थी।
इससे एक दिन पहले तेज बुखार और ऑक्सीजन की कमी के चलते उन्हें सोमवार रात राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दिल्ली सरकार के सूत्रों ने बुधवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों में सत्येंद्र जैन के संपर्क में आए लोगों की भी पहचान की जा रही है और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आइसोलेशन में भेज दिया जाएगा।
दिल्ली में कोरोना के रिकॉर्ड 2877 नए मामले, 65 की मौत
दिल्ली सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 2877 नए मामले सामने आने से कुल संक्रमितों की संख्या 49979 हो गई है। मृतकों की संख्या 65 और बढ़कर 1969 पर पहुंच गई।
इस बीच अच्छी बात यह रही कि दिल्ली में गुरुवार को पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 3884 मरीज कोरोना संक्रमण से जंग जीतकर स्वस्थ हो गए। अब तक 21341 लोग कोरोना को शिकस्त दे चुके हैं। गुरुवार को सक्रिय मामलों की संख्या 26669 रही। कुल 8726 नमूनों की कल कोरोना जांच की गई। अब तक 321302 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या 243 है। दिल्ली के अस्पतालों में कुल कोरोना मरीज 5448 हैं।

