मुंबई:अपनी आगामी फिल्म ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ को लेकर वरुण धवन काफी दिनों से दिलो-जान से मेहनत कर रहे थे, अब फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. शूटिंग को खत्म करने के बाद अभिनेता वरुण धवन थोड़े इमोशनल नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरों के साथ एक लंबा सा कैप्शन लिखकर अपने दिल के जज्बात लिखे.
वरुण का कहना है कि वह अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकते हैं. फिल्म की शूटिंग से कुछ तस्वीरों को ट्विटर पर साझा करते हुए वरुण ने शनिवार को लिखा, “‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ की शूटिंग पूरी हुई. मैं अपनी भावनाओं को बयां नहीं कर सकता, मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि इस फिल्म के साथ जुड़े लोगों से मुझे प्यार है और हम सभी आपस में जुड़े हुए हैं.”
फिल्म के साथ जुड़े सभी का धन्यवाद देते हुए ‘बदलापुर’ अभिनेता ने कहा, “24 जनवरी के दिन इस फिल्म को रिलीज करने के लिए दुनियाभर से आए सभी डांसर्स और टीम का धन्यवाद.”
‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ एक डांस ड्रामा है. इसके निर्देशक रेमो डिसूजा हैं जिन्होंने इससे पहले ‘एबीसीडी : एनीबडी कैन डांस’ और ‘एबीसीडी 2’ जैसी फिल्में बनाई हैं. इस फिल्म में वरुण धवन, श्रद्धा कपूर, प्रभु देवा, नोरा फतेही और अपारशक्ति खुराना मुख्य भूमिकाओं में हैं.
‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ की शूटिंग हुई खत्म, रैपअप पर इमोशनल हुए वरुण धवन

