मुंबई:भारी बारिश के बाद बदलापुर के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से फंसी ट्रेन को तो रेस्क्यू कर लिया गया है, लेकिन बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में अभी राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को मुंबई में तेज से बहुत तेज और आसपास के इलाकों में भीषण बारिश होने की चेतावनी जारी की थी। पिछले 24 घंटे में भी मुंबई में जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी मुंबई और आसपास के इलाकों में तकरीबन 200 एमएम बारिश हो सकती है। चेतावनी लाल रंग में जारी है, जिसका मतलब है कि संबंधित विभाग बेहद सतर्क रहें। जिन इलाकों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, उनमें ठाणे, पालघर जैसे इलाके शामिल हैं।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर में बने एक कम दबाव के क्षेत्र और बेहतर मॉनसून करंट के चलते भारी बारिश हो रही है। बारिश आगे भी जारी रहेगी। मौसम जानकार दिनेश मिश्र ने कहा कि जब भी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनता है, तो पश्चिमी तटीय इलाकों सहित मध्य इलाकों में अच्छी बारिश होती है। हाल में तैयार हुए सिस्टम के कारण मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।
इस बार मॉनसून देरी से मुंबई पहुंचा था, लेकिन सिस्टम ऐक्टिव होने के कारण अब तक काफी अच्छी बारिश हो चुकी है। सीजन की करीब 70 प्रतिशत बारिश मुंबई में दर्ज हो चुकी है, जबिक अभी मॉनसून आए एक महीने ही हुआ है। ऐसे ही बारिश हुई, तो सामान्य से अधिक बारिश देखने को मिल सकती है।
आज भी जारी रह सकती है बारिश, मौसम विभाग का अलर्ट

