बर्मिंघम:विश्व कप में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का लगातार दमदार प्रदर्शन जारी है। मोहम्मद शमी ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 के 38वें मुकाबले में 5 विकेट झटककर नया इतिहास रचा है। वर्ल्ड कप में लगातार तीन बार 4 विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
वर्ल्ड कप में ओवरऑल गेंदबाजों की बात की जाए तो मोहम्मद शमी पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी के बाद लगातार तीन मैचों में 4 विकेट या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। शाहिद आफरीदी ने 2011 वर्ल्ड कप के लगातार 3 मैचों में 4 या इससे ज्यादा विकेट लिए थे। इस वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी ने अफगानिस्तान के खिलाफ एक हैट्रिक भी ली है। इसके अलावा नरेंद्र हिरवानी के बाद शमी ऐसे दूसरे भारतीय बन गए हैं जिन्होंने लगातार तीन मैचों में चार विकेट चटकाए। नरेंद्र हिरवानी ने साल 1988 में लगातार 3 बार 4-4 विकेट अपने नाम किए थे।
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में शमी ने इंग्लिश बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, इयोन मॉर्गन, जोस बटलर और क्रिस वोक्स को आउट कर मैच में यह मुकाम हासिल किया। शमी से पहले विश्व कप में पांच भारतीय गेंदबाजों ने पांच विकेट चटकाए हैं। कपिल देव 1983, रॉबिन सिंह 1999, वेंकटेश प्रसाद 1999, आशीष नेहरा 2003, युवराज सिंह ने 2011 के विश्व कप में पांच विकेट झटके थे।

