मुंबई:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना के उस दावे को नकार दिया है जिसमें उसका कहना है कि सरकार बनाने को लेकर चुनाव से पहले 50-50 फॉर्मूला तय हुआ है। फडणवीस के इस दावे को नकारने के बाद शिवसेना के नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। संजय राउत ने कहा कि मुझे नहीं पता है कि सीएम ने क्या कहा है।
यदि वह कह रहे हैं कि 50-50 फॉर्मूला पर कभी चर्चा नहीं हुई तो मुझे लगता है कि हमें सच्चाई की परिभाषा बदलने की जरूरत है। जिस मुद्दे पर सीएम बात कर रहे हैं उसके बारे में सबको पता है। उन्होंने आगे कहा कि सीएम ने खुद 50-50 फॉर्मूला के लिए बोला था, उद्धव जी ने भी इस बारे में बात की थी। यह सब अमित शाह से पहले हुआ था। अगर अब ये कहते है कि ऐसी कोई बात नहीं हुई तो मैं प्रणाम करता हूं।
इधर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा विधायक दल बुधवार को अपना नया नेता चुनेगा। उन्होंने कहा ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाम का ऐलान पहले ही कर चुके हैं और बैठक एक औपचारिकता होगी। उनका इशारा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी द्वारा दिए गए उस बयान की ओर था कि गठबंधन की अगुवाई फडणवीस करेंगे।
फडणवीस ने यहां अपने आधिकारिक आवास ”वर्षा में संवाददाताओं से कहा ”लोकसभा चुनाव से पहले जब गठबंधन को अंतिम रूप दिया गया था तब शिवसेना से ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद का वादा नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत गठबंधन अगले पांच साल एक स्थिर एवं कुशल सरकार देगा।
महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 105 और शिवसेना ने 56 सीटें जीती हैं और राज्य की अगली सरकार में सत्ता में भागीदारी को लेकर दोनों के बीच तकरार चल रही है। पिछले सप्ताह शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा को उनके, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच, 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले 50:50 के फार्मूले पर बनी सहमति की याद दिलाई थी।
सच्चाई की परिभाषा बदलने की जरूरत :संजय राउत

