संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में अराजक तत्वों ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को खंडित कर अशांति फैलाने का असफल प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ग्राम कटबंध उर्फ बनकटवा में स्थापित अंबेडकर प्रतिमा का एक हाथ बीती रात कुछ अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। बुधवार सुबह खंडित प्रतिमा देखकर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली खलीलाबाद के इंस्पेक्टर पंकज कुमार पाण्डेय ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। इंस्पेक्टर ने अपराह्न दो बजे डॉ. अम्बेडकर की मूर्ति के टूटे हुए हाथ को सही कराया। इसके बाद अराजक तत्वों की खोजबीन में जुट गई। इस संबंध में गांव के ही एक व्यक्ति ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
संतकबीरनगर में अराजक तत्वों ने खंडित की अम्बेडकर प्रतिमा, दो हिरासत में
