गौर, बस्ती (उ.प्र.। जनपद में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया जंगल गांव में एक भतीजे ने अपने चाचा की हत्या की साजिश रची और दोस्तों के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के भतीजे समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 19 दिसंबर की रात की है। मृतक धर्मेंद्र चौधरी (उम्र करीब 40 वर्ष) अपनी आटा चक्की पर भोजन करने के बाद रोज की तरह सोने जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर लाठी-डंडों और कुदाल के बेंट से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे जमीनी विवाद था।
धर्मेंद्र चौधरी की कोई संतान नहीं थी और वे अपनी जमीन बेचकर कहीं और बसने की योजना बना रहे थे। इसी बात से नाराज उनके भतीजे मोहन कुमार चौधरी ने हत्या की साजिश रची। मोहन ने अपने चार दोस्तों जितेंद्र, आशीष, राज और अमरेंद्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि हत्याकांड में पांच अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें दो नाबालिग हैं। आरोपियों की निशानदेहारी पर हत्या में प्रयुक्त दो डंडे, मृतक का मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई हैं। अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 191(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
संपत्ति विवाद में भतीजे ने चाचा की बेरहमी से हत्या की, पांच आरोपी गिरफ्तार

