मुंबई:इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को ताजा टेस्ट रैंकिंग जारी की। रोहित शर्मा 722 रेटिंग के साथ अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग दसवें नंबर पर पहुंचे। वे क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (वनडे, टी-20 और टेस्ट) की रैंकिंग में टॉप-10 में जगह बनाने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली और गौतम गंभीर ऐसा कर चुके हैं। वहीं, अजिंक्य रहाणे भी अपनी सर्वश्रेष्ठ 5वें नंबर पर पहुंच गए।
रोहित ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट की सीरीज में बतौर ओपनर डेब्यू किया था। उन्होंने सीरीज में करियर का पहला दोहरा शतक और दो शतक लगाए थे। रोहित ने कुल 529 रन बनाए। रैंकिंग में उन्हें 12 स्थान का फायदा मिला। फिलहाल, रोहित वनडे में 863 रेटिंग के साथ दूसरे और टी-20 में 664 अंक के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर हैं।
मयंक 18वें नंबर पर पहुंचे
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अजिंक्य रहाणे ने 216 रन बनाए थे। रांची टेस्ट में रहाणे ने 116 रन की शतकीय पारी खेली थी। सीरीज में रोहित के बाद मयंक अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 340 रन बनाए थे। मयंक ने एक दोहरा शतक और एक शतक लगाया था। जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला और वे 18वें नंबर पर पहुंच गए।
शमी और उमेश अपनी बेस्ट रैंकिंग पर
टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ नंबर एक और विराट कोहली नंबर दो पर बरकरार हैं। चेतेश्वर पुजारा भी 795 रेटिंक के साथ चौथे स्थान पर कायम हैं। गेंदबाजों में मोहम्मद शमी एक स्थान के फायदे के साथ 14वें नंबर पर पहुंच गए, जबकि उमेश यादव 21वें स्थान पर हैं। यह इन दोनों की बेस्ट रैंकिंग है।
रोहित क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में टॉप-10 में शामिल होने वाले तीसरे भारतीय

