मुंबई में ऑल एबिलिटी नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का ऐलान किया गया। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI), S4UA फाउंडेशन और दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन (DWCA) की संयुक्त पहल के तहत आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव हासिल करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देना है। मुंबई के द सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टूर्नामेंट की ट्रॉफी और आधिकारिक टी-शर्ट का अनावरण किया गया। इस मौके पर इन्नर व्हील क्लब ऑफ बॉम्बे सीकॉस्ट, रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकॉस्ट और इन्नर व्हील क्लब ऑफ बॉम्बे एअरपोर्ट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए तौर्नामेंट को अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट की अध्यक्ष शैलजा नायर, रीता वर्मा, सरोज मायादेव और वर्षा; रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के अध्यक्ष दिलीप ठक्कर; रत्नेश देसाई; इनर व्हील क्लब ऑफ बॉम्बे एयरपोर्ट की अध्यक्ष दीना पारेख, कमलिनी पारेख; नयना धांकी, प्रीति भगत, मीना जोशी और नेहा जोशी मौजूद रहीं। द सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब की चेयरपर्सन रेणुका नायर और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के मुख्य कोच मनीष शर्मा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। इनके अलावा DCCBI के संयुक्त अध्यक्ष एवं व्हीलचेयर क्रिकेट यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे, महासचिव हारून राशिद, S4UA फाउंडेशन की संस्थापक पूजा मेहरा और DCCBI के संयुक्त सचिव एवं दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के संस्थापक सचिव रमेश सार्टापे सहित कई पदाधिकारी, समर्थक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यह टूर्नामेंट 1 से 4 नवंबर 2026 तक मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित वीरा देसाई रोड के राजे शिवाजी महाराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट में व्हीलचेयर क्रिकेट, शारीरिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए स्टैंडिंग क्रिकेट और महिला दिव्यांग क्रिकेट की तीन श्रेणियां शामिल होंगी। इस पहल के माध्यम से अलग-अलग श्रेणियों के खिलाड़ियों को एक ही मंच पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
व्हीलचेयर और स्टैंडिंग क्रिकेट में महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर की टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि महिला दिव्यांग क्रिकेट श्रेणी में महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान की टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। इसके अलावा मुंबई डेफ क्रिकेट और विदर्भ डेफ क्रिकेट के बीच एक विशेष प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा। टूर्नामेंट में कुल 13 मुकाबले होंगे, जिनमें नौ लीग मैच, तीन फाइनल और एक प्रदर्शनी मैच शामिल हैं। सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे।
डॉ. भगवान तलवारे ने कहा, “ऑल एबिलिटी नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी क्षमताएं साबित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। हमारे खिलाड़ियों में कौशल, अनुशासन और जीतने का जज्बा है। उन्हें ऐसे अवसर मिलने चाहिए, जहां उनकी प्रतिभा को पहचान और सम्मान मिले। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट से जुड़ें और अपनी उपलब्धियों से दूसरों को प्रेरित करें।”
DCCBI के महासचिव हारून राशिद ने कहा, “हमारा उद्देश्य भारत में दिव्यांग क्रिकेट को मजबूत बनाना और खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के अधिक अवसर तैयार करना है। व्हीलचेयर क्रिकेट, स्टैंडिंग क्रिकेट और महिला दिव्यांग क्रिकेट को एक ही चैंपियनशिप में शामिल करना समावेशी खेलों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमें उम्मीद है कि इस पहल से अधिक खिलाड़ी, परिवार और संस्थाएं दिव्यांग क्रिकेट को प्रोत्साहित करने के लिए आगे आएंगे।”
S4UA फाउंडेशन की संस्थापक पूजा मेहरा ने कहा, “हम लगभग 10 वर्षों से विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए खेलों के माध्यम से अवसर तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। स्कूलों में खेल सुविधाएं विकसित करने, प्रशिक्षण, कोचिंग कैंप और विकास कार्यक्रमों के जरिए हम चाहते हैं कि खेल बच्चों के जीवन का नियमित हिस्सा बनें। इसी सोच के साथ हम इस टूर्नामेंट से जुड़े हैं। हमारा प्रयास है कि दिव्यांग खिलाड़ियों को बड़ा मंच, बेहतर पहचान और अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिलें। खेल आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, अनुशासन सिखाते हैं और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।”
DCCBI के संयुक्त सचिव और दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के संस्थापक सचिव रमेश सरतापे ने कहा, “दिव्यांग क्रिकेट की विभिन्न श्रेणियों के खिलाड़ियों को एक साथ लाकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर देना इस चैंपियनशिप की बड़ी उपलब्धि है। हमें महाराष्ट्र और अन्य राज्यों की टीमों का मुंबई में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हमें उम्मीद है कि यह टूर्नामेंट रोमांचक क्रिकेट के साथ देश में दिव्यांग क्रिकेट के विकास को भी नई गति देगा।”
ऑल एबिलिटी नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समान अवसर, आत्मविश्वास और सामाजिक समावेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजकों का मानना है कि खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत और खेल भावना किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। वर्धन पुरी के समर्थन से इस पहल को व्यापक पहचान मिलने और अधिक लोगों के दिव्यांग खिलाड़ियों के साथ जुड़ने की उम्मीद है।
“एक राष्ट्र, एक खेल, एक जज्बा, एक समावेशी भविष्य” के संदेश के साथ यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों की प्रतिभा और उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ खेलों को सभी के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में प्रयास करेगी।
मुंबई में ‘ऑल एबिलिटी नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ की ट्रॉफी और आधिकारिक टी-शर्ट का अनावरण
Highlights
- ऑल एबिलिटी नेशनल दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 की घोषणा

