नई दिल्ली:टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इस बात से खुश नहीं हैं कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मैच के प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा को जगह नहीं मिली। सहवाग ने टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि क्यों उन्हें टेस्ट क्रिकेट में ज्यादा मौके नहीं दिए गए हैं। रोहित ने 2013 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था, लेकिन इसके बाद से उन्हें टेस्ट टीम में ज्यादा मौका नहीं मिला है।
सहवाग ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘उसका (रोहित) रिकॉर्ड इतना खराब नहीं है। उसने शुरुआत अच्छी की थी, उसने कितने टेस्ट मैच खेले हैं अभी तक? अगर उसे लगातार टेस्ट खेलने का मौका मिला होता तो उसने बेहतर प्रदर्शन किया होता।’ सहवाग ने कहा, ‘ये मौके का खेल है आपको मौके पर चौका मारना होगा।’
रोहित शर्मा 32 साल के हैं और महज 27 टेस्ट मैच खेल सके हैं। रोहित ने इस दौरान 39.62 की औसत से 1585 रन बनाए हैं। जिसमें तीन सेंचुरी और 10 हाफसेंचुरी शामिल हैं। भारत और वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में हनुमा विहारी को मौका दिया गया है, जबकि रोहित शर्मा प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं।
रोहित के नहीं खेलने पर वीरेंद्र सहवाग ने कहा- ‘ये मौके का खेल है’

