अहमदाबाद। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, अहमदाबाद उत्तर द्वारा रविवार, 20 सितंबर 2026 को अणुव्रत एबोड, तेरापंथ भवन, मोटेरा में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव (MBDD) के अंतर्गत रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। के.डी. ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में 56 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। युवाओं के साथ महिलाशक्ति की भी सक्रिय सहभागिता रही। रक्तदाताओं की बड़ी संख्या में भागीदारी से शिविर में सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रभावी रूप से सामने आया।
आयोजन को सफल बनाने में कॉर्पोरेट पार्टनर जीरकोन बिल्डर ग्रुप तथा सहयोगी संस्थाओं लायन्स क्लब ऑफ अहमदाबाद वाइब्रेंट , तेरापंथ युवक परिषद अहमदाबाद पूर्व एवं पश्चिम और श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, उत्तर अहमदाबाद का सहयोग रहा। के.डी. ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण सहित आवश्यक चिकित्सा एवं तकनीकी व्यवस्थाएं संभालीं।
तेयुप अहमदाबाद उत्तर के अध्यक्ष श्री दिलीप भंसाली ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नियमित रूप से सेवा गतिविधियों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
शिविर के आयोजन में तेयुप अहमदाबाद उत्तर की पदाधिकारी टीम, रक्तदान आयाम के परामर्शक, कार्यसमिति सदस्य, संयोजक एवं युवा साथियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। सामूहिक प्रयासों से शिविर सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। परिषद ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं तथा के.डी. ब्लड बैंक की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
रक्तदान कर्तव्यम् : तेयुप अहमदाबाद उत्तर के शिविर में 56 यूनिट रक्त संग्रहित

