रजनीकांत एक बार फिर ‘जेलर 2’ में अपने आइकॉनिक किरदार मुथुवेल पांडियन उर्फ टाइगर के रूप में वापसी करने के लिए तैयार हैं। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह मोस्ट अवेटेड फिल्म सेंसर की प्रक्रिया पूरी कर चुकी है और 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘जेलर 2’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) से U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है। फिल्म को रिलीज से कुछ दिन पहले यह सर्टिफिकेट मिला है, जिससे दर्शकों के बीच इसके लिए उत्सुकता और बढ़ गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की अवधि 165 मिनट यानी पौने तीन घण्टे होगी। रिलीज की तारीख नजदीक आने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर भी जारी कर दिया है, जिसमें मुथुवेल पांडियन की अगली कहानी की झलक देखने को मिली है। नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा लिखे और डायरेक्ट किये गए फिल्म ‘जेलर 2’ में पहली फिल्म के कई कलाकार वापसी कर रहे हैं, जिनमें राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना शामिल हैं। इसके अलावा फिल्म में एसजे सूर्या, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, अन्ना राजन और जतिन सरना अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म में मोहनलाल और शिवा राजकुमार भी स्पेशल अपीयरेंस में नज़र आएँगे। हालांकि यह दोनों कलाकार 2023 में रिलीज हुई पहली ‘जेलर’ का भी हिस्सा थे। इसी के साथ इस बार फिल्म में विजय सेतुपति भी एक ख़ास अंदाज़ में नज़र आएँगे। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में रिलीज हुई पहली ‘जेलर’ साल की सबसे बड़ी तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही थी और बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। अब रजनीकांत की टाइगर के रूप में वापसी और पहले से भी बड़े स्टारकास्ट के साथ ‘जेलर 2’ से काफी उम्मीदें हैं।
अनिरुद्ध रविचंदर एक बार फिर फिल्म का म्यूजिक दे रहे हैं। विजय कार्तिक कन्नन ने सिनेमैटोग्राफी संभाली है, जबकि आर. निर्मल फिल्म के एडिटर हैं। डीआरके किरण प्रोडक्शन डिजाइनर हैं और चेतन डिसूजा ने एक्शन कोरियोग्राफी की है। कलानिधि मारन के प्रोडक्शन में सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी के साथ फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स खास ‘जेलर 2 सुपर शो’ भी लेकर आ रहे हैं, जो 9 अक्टूबर से सन नेक्स्ट पर स्ट्रीम होगा। फिलहाल U/A 16+ सर्टिफिकेट, करीब पौने तीन घण्टे की अवधि और दमदार स्टारकास्ट के साथ ‘जेलर 2’ अब मुथुवेल पांडियन को एक बार फिर बड़े पर्दे पर लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
https://www.instagram.com/p/DeMcdLWTOc2/?stkn=dTRybDNxcTN4ZWp4
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ को मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट, जानें कितने घंटे की है 15 अक्टूबर को रिलीज़ हो रही ये फिल्म

