नई दिल्ली:रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सोमवार को बजरंग पुनिया और महिला पहलवान विनेश फोगाट को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार देने की सिफारिश की। इसके अलावा राहुल अवारे, हरप्रीत सिंह, दिव्या काकरान और पूजा ढांडा को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की गई है। फेडरेशन ने मेजर ध्यानचंद पुरस्कार के लिए खेल मंत्रालय को कोच भीम सिंह और जयप्रकाश का नाम भेजा है। 2018 में विराट कोहली और महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था।
पिछले साल रेसलर बजरंग पुनिया ने देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए खुद को नजरअंदाज किए जाने को लेकर अपनी नाराजगी जताई थी और अदालत जाने की धमकी भी दी थी। हालांकि, अपने गुरु योगेश्वर दत्त के समझाने और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से मिलने के बाद उन्होंने अपना इरादा बदल दिया था।
बीसीसीआई ने की है शमी, बुमराह, जडेजा और पूनम को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा और पूनम यादव को अर्जुन अवॉर्ड देने की सिफारिश की है। खेल मंत्रालय खेल के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को ये पुरस्कार देता है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासकों की समिति (सीओए) और बीसीसीआई ने चर्चा के बाद ये चारों नाम तय किए गए। हाल ही में शमी, बुमराह और जडेजा को भारत की वर्ल्ड कप की 15 सदस्यीय टीम में भी चुने गए हैं।
रेसलिंग फेडरेशन ने विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया को खेल रत्न देने की सिफारिश की

