नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नेता विपक्षा राहुल गांधी ने होली के पावन असर पर देशवासियों को शुभकामना दी है। साथ ही देश के तमाम नेताओं ने भी सभी के लिए होली पर सुख-समृद्धि की कामना की है।
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगो का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।” वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने होली के पावन असर पर देशवासियों को रंगों के त्योहार की बधाई दी है और उनके जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की है। श्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं। रंग और उमंग से भरा यह त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए। हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है।” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में एक सुभाषितम नाम से एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है। यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है। हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है।
उद्भिन्नस्तबकावतंससुभगाः प्रे खन्मरुन्नर्तिताः
पुष्पोद्गीर्णपरागपांशुललसत्पत्रप्रकाण्ड त्विषः।
गम्भीरक्रमपञ्चमोन्मदपिकध्वानोच्छलद्गीतयः
प्रत्युज्जीवितमन्मथोत्सव इव क्रीडन्त्यमू भूरुहः॥”
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी होली की शुभकामनाएं देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा – रंगों और मोहब्बत के पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। होली के रंग आप सभी के जीवन को नई आशाओं, नए उमंग और अनगिनत खुशियों से भर दे। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को होली की बधाई देते हुए लिखा – होली पर्व की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। सभी लोग परम्परागत तौर पर शान्ति व सद्भाव के साथ इस त्योहार को उमंग के साथ मनायें और आपस में मिलजुल कर होली की ख़ुशियाँ बाँटें, यही इस पर्व की सच्ची भावना। अन्त में एकबार फिर सभी को हैप्पी होली।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लिखा – होली की बहुरंगी शुभकामनाएँ! जीवन मुरझायी हुई ‘एकरंगता-एकरसता’ के स्थान पर खिलखिलाती ‘बहुरंगता-विविधता’ से युक्त होना चाहिए, यही होता है ‘होली’ का सौहार्दपूर्ण संदेश और गले मिलने का महत्व। मिलेंगे तो खिलेंगे!
राजद नेता व विहार विधानसभा में नेता विपक्षा तेजस्वी यादव ने अपने होली संदेश में लिखा – रंगों का ये पावन पर्व हमें याद दिलाता है कि इंसानियत का रंग सबसे गहरा और सबसे खूबसूरत होता है। आज जब हम एक दूसरे को गुलाल लगाएँ तो दिलों की दूरियाँ भी मिटा, मन के मैल भी धो डालें। आइए इस होली, नफरत की हर रेखा को प्रेम के रंग से भर दें, भेदभाव की हर दीवार को भाईचारे से ढहा दें। आपस में अमन शांति और एकता का एकमात्र रंग में रंग जाएँ। आप सभी बिहारवासियों और देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ। सुख और ख़ुशियों से आप सबों का जीवन सदैव भरा रहे।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, नेता विपक्ष सहित मायावती, अखिलेश एवं तेजस्वी यादव ने देशवासियों की दी होली की बधाई

