राजकोट:रणजी ट्रॉफी 2019-20 का खिताब सौराष्ट्र ने अपने नाम कर लिया है। शुक्रवार को बंगाल के खिलाफ फाइनल मैच में सौराष्ट्र ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर जीत दर्ज कर यह खिताब जीता। सौराष्ट्र ने पहली पारी में 425 रन बनाए थे, जबकि बंगाल की टीम पहली पारी में 381 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। दूसरी पारी में सौराष्ट्र ने चार विकेट पर 105 रन बना लिए थे। मैच ड्रॉ होने की स्थिति में पहली पारी की बढ़त के आधार पर विजेता टीम का फैसला लिया जाता है।
दूसरी पारी में सौराष्ट्र की टीम 44 रनों की बढ़त के साथ उतरी थी। मैच के आखिरी और पांचवें दिन का सौराष्ट्र ने चार विकेट के नुकसान पर 105 रन बना अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया और अंत में पहली बार रणजी ट्रॉफी विजेता की ट्रॉफी उठाई। दूसरी पारी में सौराष्ट्र के लिए हार्विक देसाई ने 21, अवि बारोट ने 39, विश्वराज जडेजा ने 17, अर्पित वासवाडा ने तीन और शेल्डन जैक्सन ने नॉटआउट 12 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए पहली पारी में वासवाडा ने 106, बारोट और जडेजा ने 54-54 रन बनाए थे। चेतेश्वर पुजारा ने 66 रनों का योगदान दिया था।
बंगाल के लिए सुदीप चटर्जी ने 81, रिद्धिमान साहा ने 64, अनुस्तूप मजूमदार ने 63 रन बनाए थे। मैच के बाद सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनाद्कट ने कहा, ’73 सालों में हमने पहली बार यह ट्रॉफी जीती है, हम इससे ज्यादा खुश नहीं हो सकते। पिछले आठ सालों में यह हमारा चौथा फाइनल मैच था, यह दिखाता है कि हमने पिछले कुछ समय में कैसा क्रिकेट खेला है।’

