नई दिल्ली:भारत में अब तक ज्यादातर मैच कोरोना वायरस की वजह से रद्द या स्थगित कर दिए गए हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में यह बड़ा सवाल है कि क्या इस बार आईपीएल हो पाएगा या नहीं। इस बात पर भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और वीवीएस लक्ष्मण ने कहा है कि आईपीएल रद्द होने की बजाय खाली स्टेडियम में करवाया जाना चाहिए। यह बयान ऐसे समय में आया है जब खतरनाक कोरोना वायरस की वजह से हर कोई आईपीएल को खाली स्टेडियम में करवाने की मांग कर रहा है। सरकार ने आईपीएल शुरू होने से पहले सभी लोगों को सलाह दी है कि सभी स्पोर्ट्स इवेंट्स से दूरी बनाए रखें जिससे कोविड-19 फैल ना सके।
भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने 1999 में एशियन टेस्ट चैंम्पियनशिप के अंतर्गत खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच का उदाहरण देते हुए बताया कि खाली स्टेडियम में मैच करवाने में कोई दिक्कत नहीं है और न ही इससे किसी को नुकसान होगा। गावस्कर ने बताया कि इस मैच में सचिन तेंदुलकर के रनआउट होने के बाद दर्शकों के बीच अशांति का माहौल था। उस दिन यह मैच नहीं हो पाया लेकिन अगले दिन पूरा स्टेडियम खाली था, इसके बावजूद यह मैच पूरे दिन हुआ। ऐसे में अगर दर्शकों को लेकर कोई दिक्कत है तो खाली स्टेडियम में भी मैच करवाया जा सकता है।
बता दें कि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने 14 मार्च को सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों को लेकर एक बैठक बुलाई है जिसमें आईपीएल को लेकर फैसला लिया जाएगा। वीवीएस लक्ष्मण ने भी बताया कि बेशक हर कोई अपने पसंदीदा खिलाड़ी को अपने सामने खेलते देखना चाहता है लेकिन सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाली स्टेडियम में ही मैच करवाना एक अच्छा विकल्प है।

