कोलंबो:इंग्लैंड क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है। कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए ईसीबी ने अपने खिलाड़ियों को श्रीलंका दौरे से वापस बुलाने का फैसला लिया है। ईसीबी ने कहा कि श्रीलंका क्रिकेट से बात करने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है। इंग्लैंड को 19 मार्च से श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी थी, तो फिलहाल स्थगित कर दी गई है।
इंग्लैंड के सभी क्रिकेटर अब वापस लंदन लौटेंगे। ईसीबी ने कहा कि इस समय सभी खिलाड़ियों की फिजिकल और मेंटल हेल्थ हमारी प्राथमिकता है। हम अब उन्हें यहां से उनके परिवार के पास जल्द से जल्द वापस भेजना चाहते हैं। यह बहुत मुश्किल परिस्थिति है और ऐसे में ये फैसले क्रिकेट के हाथ में नहीं हैं।
इंग्लैंड ने 7 मार्च से 9 मार्च के बीच श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला था और फिलहाल दूसरा प्रैक्टिस मैच खेला जा रहा था, जिसे बीच में ही रद्द कर दिया गया। टेस्ट सीरीज फिलहाल स्थगित कर दी गई है और अब देखना होगा कि सीरीज कब खेली जाती है। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा भी है।

