चंडीगढ़:पंजाब सरकार ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन (बंद) की अवधि को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया। ओडिशा के बाद ऐसा करने वाला पंजाब दूसरा राज्य है। लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय चंडीगढ़ में पंजाब मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया। विशेष मुख्य सचिव के बी एस सिद्धू ने ट्वीट किया, ”(मुख्यमंत्री) अमरिंदर सिंह की अगुवाई में मंत्रिमंडल ने पंजाब कर्फ्यू/लॉकडाउन को 30 अप्रैल 2020/एक मई,2020 तक बढ़ाने को मंजूरी दी। आज से 21 दिन का विस्तार।”
किसानों को लॉकडाउन में ढील
इससे पहले नई दिल्ली में कांग्रेस द्वारा वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बताया कि 15 अप्रैल से किसानों को फसलों की कटाई के लिए लॉकडाउन में ढील दी जाएगी और इसमें सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा। सिंह ने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददाताओं से कहा, ”हमने पहले लॉकडाउन किया और बाद में कर्फ्यू लगाया। फिर लोगों तक जरूरी वस्तुओं को पहुंचाने की व्यवस्था की। हमारे लोग हर मोहल्ले में पहुंचकर जरूरी वस्तुएं मुहैया करा रहे हैं।”
केंद्र के 15 हजार करोड़ नाकाफी
केंद्र सरकार की ओर दिए जा रहे पैकेज के बारे में पूछे जाने पर अमरिंदर ने कहा, ”15 हजार करोड़ रुपए पर्याप्त नहीं है। हमारे देश की 1.30 अरब की आबादी में यह कुछ नहीं है।” उन्होंने कहा, ”राज्यों की स्थिति ऐसी स्थिति नहीं है वे अकेले लड़ सकें। केंद्र को उनकी पूरी मदद करनी चाहिए।”
तबलीगी जमात से जुड़े 27 लोग कोरोना संक्रमित
सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संकट के दौरान एक बात अच्छी हुई कि इस दौरान नशीली दवाओं की आपूर्ति ठप हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि तबलीगी जमात से जुड़े 651 लोग पंजाब आए थे, जिनमें से 636 का पता लगा लिया गया है। इनमें से 27 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पहले ही राज्य में लॉकडाउन बढ़ाने का संकेत देते हुए कहा था कि उनकी सरकार इसे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है क्योंकि पाबंदियां हटाने के लिए यह उपयुक्त समय नहीं है। पंजाब में शुक्रवार (10 अप्रैल) सुबह कोरोना का दो नए मामले सामने आने के साथ राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 132 हो गई है। इस बीमारी से राज्य में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

