नई दिल्ली:पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के बालाकोट में की गई आतंकी कैंपों पर एयरस्ट्राइक के बाद उपजे तनाव के दौरान भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तानी F-16 विमान को गिरा दिया था। अब केंद्र सरकार अभिनंदन को सम्मानित करने जा रही है। इस मामले से जानकार दो अधिकारियों ने एचटी को बताया कि अभिनंदन को वीर चक्र सम्मान से सम्मानित किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आतंकी कैंपों पर बमबारी करने वाले मिराज 2000 के पायलटों को भी वायुसेना मेडल दिया जा सकता है।
बता दें कि वीर चक्र भारत का युद्ध के समय वीरता का पदक है। यह सम्मान सैनिकों को असाधारण वीरता या बलिदान के लिए दिया जाता है। वरीयता में यह महावीर चक्र के बाद आता है। एक दूसरे अधिकारी ने जानकारी दी कि अभिनंदन चोटों से उबर रहे हैं। वह पहले श्रीनगर एयर बेस पर वायु सेना के नंबर 51 स्क्वाड्रन के साथ तैनात थे। लेकिन सुरक्षा कारणों से कुछ महीने पहले दूसरे बेस में ले जाया गया।
एयर वाइस मार्शल मनमोहन बहादुर (रिटायर्ड) ने कहा कि अगर स्वतंत्रता दिवस पर पुरस्कारों की घोषणा की जा रही है, तो यह लड़ाकू पायलटों द्वारा दिखाए गए शौर्य और साहस की स्वीकार्यता होगी।
गौरतलब है कि अभिनंदन वर्धमान ने मिग-21 से पाकिस्तानी एफ-16 को मार गिराया था। अभिनंदन पाकिस्तान की वायुसेना के विमान को खदेड़ते हुए पाकिस्तानी क्षेत्र में पहुंच गये थे जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। पाकिस्तान में करीब 60 घंटे बिताने के बाद अभिनंदन वर्धमान ने वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत की सरजमीं पर कदम रखा था।
पाक स्थित आतंकी कैंपों पर हुई एयरस्ट्राइक
फरवरी माह के अंत में भारतीय वायुसेना के 12 मिराज-2000 जेट्स ने नियंत्रण रेखा पार करके और बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद द्वारा संचालित आतंकवादी शिविर पर हमला किया था। इस एयरस्ट्राइक में कई आतंकी मारे गए थे।

