नई दिल्ली: पाकिस्तानी आतंकी संगठन जम्मू-कश्मीर में सरकारी संस्थानों और सुरक्षाबलों पर हमला कर सकते हैं। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक, ये आतंकी आने वाले दिनों में दुनिया का ध्यान कश्मीर की तरफ खींचने के लिए अहम व्यक्तियों को बंधक भी बना सकते हैं। जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन ने श्रीनगर जिले के जोनकार, रैनावाड़ी, सफकदल और धर्मशाल में आतंकी हमले की योजना बनाई है।
सुरक्षाबलों के दफ्तरों पर ग्रेनेड हमला कर सकते हैं
खुफिया इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तानी आतंकियों के निशाने पर अवंतिपोरा, श्रीनगर या रंगरेठ हवाई पट्टी भी हो सकती है। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षाबलों के कार्यालयों पर ग्रेनेड हमले की आशंका भी जताई। आतंकी इस हमले के जरिए सरकारी अधिकारियों और आम लोगों में खौफ पैदा करना चाहते हैं। जम्मू-कश्मीर के ‘मिनी सेकेट्रियेट’ पर भी हमले का अलर्ट जारी किया गया है।
घाटी में धमकी भरे पोस्टर लगा रहे हैं आतंकवादी
आतंकी संगठन कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में धमकी भरे पोस्टर भी लगा रहे हैं, जिनमें स्थानीय दुकानदारों से घाटी में बंद का समर्थन करने को कहा गया है। हिजबुल मुजाहिदीन की तरफ से लगे ऐसे ही एक पोस्टर में फल व्यवसाइयों, ट्रक ड्राइवरों, सरकारी अधिकारियों और बैंक कर्मचारियों को बंद का समर्थन न करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
अब तक 4 ट्रक ड्रायवर और 5 मजदूरों की हत्या की
5 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के बाद से ही सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं। इसके बाद से पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर में आतंकी घुसपैठ की कोशिश की जा रही है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में चार ट्रक ड्राइवरों की हत्या की जा चुकी है, तो वहीं आतंकियों ने मंगलवार को पांच मजदूरों की हत्या कर दी। ये सभी मजदूर दूसरे राज्यों के रहने वाले थे।

