अलवर: राजस्थान के अलवर जिले में शादी में शामिल होने आई नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसके बाद पीड़ित बच्ची के परिजन ने एक आरोपी को पीट-पीट कर मार डाला। बाकी दो आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। 14 मई को पीड़िता और आरोपी एक ही शादी में आए थे।
थाना प्रभारी (हरसौरा) जितेंद्र सिंह के मुताबिक, बच्ची के परिजन ने शिकायत में बताया कि बच्ची मामा की शादी में शामिल होने के लिए देवसन गांव गई थी। 14 मई की रात तीन से चार आरोपी उसे मुंह दबाकर एकांत में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। दूसरी ओर, मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि उनके तीन रिश्तेदार शादी के लिए गांव आए थे। 15 मई की सुबह तीनों वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोककर पीटा, इसमें राहुल गुर्जर नाम के युवक की मौत हो गई।
अलवर में दलित महिला से दुष्कर्म पर राजनीति गरम
अलवर थानागाजी में 26 अप्रैल को दलित महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। यह मामला चुनाव प्रचार में काफी उछला था। बाइक सवार दंपति को पांच युवकों ने पीछा करके रोक लिया था। उन्हें जबरन जंगल में ले गए। वहां पति के सामने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया। बताया जाता है के पीड़ित थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने चुनाव में व्यस्तता का हवाला देकर एफआईआर दर्ज करने से मना कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना सामने आई। तब 2 मई को एफआईआर दर्ज की गई। पिछले दिनों राहुल गांधी पीड़िता से मिलने गए थे।
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, परिजन ने एक आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला, दो गिरफ्तार

