छोटे परदे पर तमाम भूमिकाओं के जरिए घर-घर में अपनी खास उपस्थिति दर्ज करा चुके एक्टर हितेन तेजवानी फिल्म ‘मुद्दा-370’ में बड़े परदे पर लीड रोल में डेब्यू कर रहे हैं। एक तरफ हितेन की बड़े परदे पर यह धमाकेदार एंट्री है। इस फिल्म में उनके अपोजिट हैं अंजलि पांडे। फिल्म में हितेन एक हिन्दू कश्मीरी लड़के तथा अंजलि मुस्लिम कश्मीरी लड़की का किरदार कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन राकेश सावंत ने किया है जबकि अन्य भूमिकाओं में जरीना वहाव, मनोज जोशी, राज जुत्सी, पंकज धीर, अनीता राज तथा राखी सावंत आदि भी नजर आएंगे। फिल्म के प्रोड्यूसर वकील व एजुकेनिस्ट भंवरसिंह पुंडीर हैं।
फिल्म के म्युजिक रिलीज के मौके पर बातचीत करते हुए हितेन तेजवानी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग काफी पहले से चल रही थी, काफी कुछ शूट भी कर लिया था, इसी बीच सरकार ने धारा 370 हटा दिया। फिल्म में कश्मीर की समस्याओं को रेखांकित किया गया है। यह सारी चीजें एक लव स्टोरी के जरिए कहने की कोशिश की गई है, जिसमें मैं मुख्य किरदार में हूं। फिल्म की शूटिंग कश्मीर और मनाली में की गई है। इस मौके पर गाने भी रिलीज किए गए, जिसमें हितेन और अंजलि की जोड़ी कश्मीर की वादियों में काफी खूबसूरत दिख रही है। गाने बेहद कर्णप्रिय हैं।
हितेन बताते हैं कि फिल्म में एक तरफ लव स्टोरी चलती है, दूसरी तरफ कश्मीर में तनाव की स्थिति को दिखाया गया है। इसमें कश्मीरियों के साथ क्या हुआ, क्यों हुआ, कैसे हुआ यह सब फिल्माया गया है। हितेन आगे बताते हैं कि अंजलि के साथ भी उनकी काफी ठीक-ठाक कमेस्ट्री रही। जरीना जी, मनोजजी आदि के साथ काम करके काफी मजा आया। अच्छी बात रही कि जरीना जी के बेटे का नाम सूरज है और फिल्म में मेरा भी नाम सूरज ही है।
अपनी तैयारियों के बारे में बात करते हुए हितेन ने बताया कि फिल्म में सामान्य हिन्दी में ही बात की है, इसलिए बहुत ज्यादा होमवर्क तो नहीं करना पड़ा। हां, यदि वहां की भाषा पर ध्यान देते तो आम लोगों के समझ में नहीं आती। अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में हितेन ने बताया कि कुछ और फिल्में जैसे माही और सीजर भी कर रहे हैं, जिसकी शूटिंग जल्द ही शुरू होगी। कुछ वेबसिरीज भी हैं। इन लगभग सारी फिल्मों में लीड भूमिका कर रहा हूं।
‘मुद्दा-370’ के जरिए बड़े परदे पर हितेन तेजवानी की धमाकेदार एंट्री

