नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना जीवन समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के साथ-साथ कृषि की प्रगति और किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित कर दिया। कृतज्ञ राष्ट्र देश के निर्माण में उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ” पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों के कल्याण के साथ-साथ कृषि की प्रगति और किसानों की समृद्धि के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं सकता।” चौधरी चरण सिंह देश के पांचवें तथा दूसरे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे। वह इस पद पर 28 जुलाई 1979 से 14 जनवरी 1980 तक रहे। उन्हें फरवरी 2024 में भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी।
मोदी ने किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी

