नई दिल्ली:यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा के आखिरी के कमाल के दो शानदार ओवरों से मुंबई इंडियंस ने बेहद रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को आईपीएल-12 के मुकाबले में गुरुवार (28 मार्च) को छह रन से हरा दिया। मुंबई ने आठ विकेट पर 187 रन बनाने के बाद बैंगलोर को पांच विकेट पर 181 रन पर रोक दिया। एबी डिविलियर्स ने 41 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 70 रन बनाए, लेकिन बैंगलोर को जीत नहीं दिला सके। मुंबई की दो मैचों में यह पहली जीत है, जबकि बैंगलोर की यह लगातार दूसरी हार है।
मैच के आखिरी ओवर में टर्निंग प्वाइंट आया जब आरसीबी को मुंबई के खिलाफ अंतिम गेंद पर जीत के लिए सात रन बनाने थे। मलिंगा ने गेंद स्टंप्स पर फेंकी, लॉन्ग ऑफ पर खेले गए शॉट पर बल्लेबाज एक रन ले पाए और मुंबई इंडियंस छह रन से मैच जीत गया। इसके बाद कैमरे में देखने पर पता चला कि फेंकी गई अंतिम गेंद पर मलिंगा के कदम आगे निकल गए थे। यानि यह नो बॉल थी, लेकिन अंपायर ने इसपर ध्यान नहीं दिया।
विराट कोहली ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंपायर को इस बात के लिए खूब लताड़ा। विराट कोहली ने कहा, ”हम आईपीएल लेवल का मैच खेल रहे थे ना कि गली क्रिकेट। ऐसे में अंपायरों को अपनी आंखें खुली रखनी चाहिए थीं। यह बेहद अपमानजनक है। यदि यह गेम मार्जन का होता तो मुझे नहीं पता क्या होता। लेकिन अंपायरों को ऐसे नाजुक मौकों पर शार्प और सावधान होना चाहिए।”
उन्होंने कहा, ”जब मुंबई के 145 रन पर 7 विकेट गिर चुके थे, तब हमें बेहतर खेलना चाहिए था। पिछले कुछ ओवरों में हमारे गेंदबाजों की खासी धुनाई हुई।” मैच के बारे में बात करते हुए कोहली ने एबी डिविलियर्स के प्रयास की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दूसरे खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी उठानी होगी। उन्होंने कहा, ”एबी के कुछ और शॉट्स हमारे लिए काम कर सकते थे, लेकिन हमें गेंदबाजी में खासकर डेथ ओवर में स्मार्ट होना पड़ेगा। हमारे खिलाड़ी इस मैच से बहुत कुछ सीखेंगे। इस हार की जिम्मेदारी पूरी टीम की है। मैं गलत समय पर आउट हो गया। शिवम अच्छा खेल रहे थे. लेकिन जसप्रीत बुमराह शानदार गेंदबाज हैं। मेरी कुछ गलतियों की वजह से मैच यहां तक पहुंचा। मुंबई भाग्यशाली रही, साथ ही मलिंगा भी।”
विराट कोहली ने जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा, ”बुमराह का अच्छी फॉर्म में होना भारत के लिए अच्छा है।” मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने नो बॉल वाले मामले में विराट कोहली का साथ दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलतियां खेल के लिए सही नहीं हैं। अंपायरों को इन गलतियों से निजात पानी चाहिए जैसा खिलाड़ी करते हैं।
रोहित शर्मा ने कहा, ”जब मैं मैदान के अंदर आ रहा था तो किसी ने मुझे बताया कि मलिंग की आखिरी गेंद नो बॉल थी। इस तरह की गलतियां खेल के लिए सही नहीं हैं। बुमराह की एक गेंद वाइड नहीं थी,लेकिन अंपयार ने उसे वाइड दे दिया। इस तरह की छोटी-छोटी गलतियों से पूरा गेम बदल जाता है। वहीं, टीवी भी लगा हुआ है। अंपायरों को देखना चाहिए कि क्या हो रहा है। यह बहुत निराशाजनक है। मुझे उम्मीद है कि अंपायर इस तरह की गलतियों दोबारा नहीं करेंगे।”
बता दें कि बुमराह ने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर तीन विकेट झटके। लसिथ मलिंगा ने हालांकि चार ओवर में 47 रन दिए, लेकिन उनका पारी का आखिरी ओवर शानदार रहा। वहीं, बैंगलोर की तरफ से लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने चार ओवर में 38 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि तेज गेंदबाजों उमेश यादव और मोहम्मद सिराज को दो-दो विकेट मिले।
मलिंगा के ‘नो बॉल विवाद’ में अंपायर पर भड़के विराट

