नयी दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में छात्र आंदोलन को लेकर कहा है कि हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर हैं और इसकी वजह सिर्फ एक परीक्षा या भर्ती नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम से उनका टूट चुका भरोसा है।
श्री गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर कहा कि केंद्र हो या राज्य, भाजपा सरकार से हर छात्र त्रस्त है। पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, शिक्षा की बढ़ती लागत, छात्रावासों में अमानवीय हालात, खराब भोजन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) में धोखाधड़ी जैसी समस्याओं से छात्र परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अब महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) जैसी संवैधानिक संस्था पर कब्जा कर उसकी विश्वसनीयता भी बर्बाद कर दी गई है। कांग्रेस नेता ने कहा, “अपने सफल भविष्य के लिए छात्रों की हर मांग जायज है। सरकार उनकी आवाज सुनकर तुरंत कार्रवाई करे, वरना न्याय मिलने तक ‘छात्रों की गूंज’ बढ़ती ही जाएगी।”
महाराष्ट्र में हजारों छात्र सड़कों पर हैं, शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलनरत हैं – इसकी वजह सिर्फ एक परीक्षा या भर्ती नहीं, पूरे सिस्टम से टूट चुका भरोसा है।
चाहे वो केंद्र की हो या राज्य की, BJP सरकार से हर छात्र त्रस्त है। पेपर लीक, रुकी हुई भर्तियां, शिक्षा की असहनीय लागत, हॉस्टल…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 6, 2026

