मुंबई। आचार्य श्री नयपद्मसागर महाराज जी एवं साध्वी श्री मयनाश्री जी के पावन सानिध्य में जैन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन, अखिल भारतीय जैन अल्पसंख्यक महासंघ एवं भाजपा जैन प्रकोष्ठ, महाराष्ट्र प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय जनता पार्टी से महानगर पालिका एवं नगर पालिका के नवनिर्वाचित 50 जैन पार्षदों का भव्य सम्मान समारोह मुंबई में अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र राज्य के कौशल्य विकास मंत्री मा. ना. मंगल प्रभात लोढ़ा, जैन अल्पसंख्यक आर्थिक विकास महामंडल के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मा. ललित गांधी, विधायक मा. नरेंद्र मेहता, विधायक श्री चैनसुख संचेती, मीरा-भायंदर की महापौर डिंपल मेहता, श्रीमती शायना एन.सी., श्रीमती मंजू लोढ़ा तथा भाजपा मीरा-भायंदर जिला अध्यक्ष श्री दिलीप जैन भारत जैन महामण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ख्यालीलाल तातेड़ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित जैन पार्षदों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन करते हुए संबोधित किया।
अपने आशीर्वचनों में आचार्य श्री नयपद्मसागर महाराज जी ने कहा कि धर्म के मूल्यों के साथ-साथ राजनीति में जैन युवाओं की सक्रिय सहभागिता आज के समय की आवश्यकता है, ताकि समाज राष्ट्रनिर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सके। साध्वी श्री मयनाश्री जी ने राजनीति में नारी शक्ति की बढ़ती सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जैन समाज से अधिक संख्या में महिलाओं के पार्षद के रूप में निर्वाचित होने को समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नवनिर्वाचित जैन पार्षदों को जनसेवा के स्पष्ट मानदंड बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विचार, विकास की नीति और राष्ट्रहित का संकल्प जन-जन तक पहुँचाना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है। राज्य मंत्री ललित गांधी ने जैन अल्पसंख्यक आर्थिक विकास महामंडल की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए आग्रह किया कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने हेतु जनप्रतिनिधि सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभाएँ।
विधायक नरेंद्र मेहता एवं विधायक श्री चैनसुख संचेती ने युवाओं को संगठनात्मक अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक कार्यशैली के साथ पार्टी एवं समाज के लिए कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा जैन प्रकोष्ठ, महाराष्ट्र प्रदेश के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक श्री संदीप भंडारी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में भाजपा जैन प्रकोष्ठ ने जैन युवाओं को संगठित कर राजनीतिक जागरूकता एवं चेतना निर्माण का निरंतर कार्य किया है। उसी का प्रतिफल आज भाजपा से 33 जैन पार्षदों का निर्वाचित होना है। आने वाले समय में जैन युवा राष्ट्र और राजनीति में और भी सशक्त भूमिका निभाएंगे, ऐसा हमें पूर्ण विश्वास है।
इस भव्य कार्यक्रम का नियोजन श्री वीरेंद्र शाह, श्री घेवरचंद बोहरा, श्री नितिन वोरा, श्री विकास आच्छा एवं श्री जश वीरा द्वारा किया गया। समारोह का सूत्र संचालन संदीप भंडारी ने और आभार प्रदर्शन भाजपा जैन प्रकोष्ठ के महामंत्री विकास अच्छा ने किया।
महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी के पचास जैन नगरसेवकों का सम्मान समारोह संपन्न

