लखनऊ। सोमवार को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व राजद नेता तेजस्वी यादव सपा प्रमुख से मिलने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा व संघ पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल है, संवैधानिक संस्थाओं को तानाशाही करके अपने फायदे के लिए चलाया जा रहा है। बेरोजगारी बढ़ी है, किसान मर रहा है। नागपुरिया कानून से देश चलाया जा रहा है। बंच ऑफ थॉट्स किताब को संविधान की जगह रखना चाहते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को हराने की मंशा से एक साथ आये सपा और बसपा प्रमुख से अब बिहार के आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुलाक़ात कर महागठबंधन के कयास बढ़ा दिए हैं। लखनऊ पहुंचे तेजस्वी यादव जहां पहले बसपा सुप्रीमो मायावती से मिले, वहीं सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से अखिलेश से भी मुलाकात की। तेजस्वी यादव सपा अध्यक्ष से मिलने उनके पार्टी कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद दोनों ने साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि RJD यूपी में गठबंधन को समर्थन देगी। उन्होंने कहा, बिहार में लोगों को बीजेपी ने ठगा है। प्रधानमंत्री ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया। विशेष पैकेज से एक भी पैसा अभी तक नहीं दिया। बीजेपी की सरकार में लिंचिंग बढ़ी है। समाज में ज़हर फैलाया जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने ये भी कहा, आने वाले चुनाव में गठबंधन को समर्थन मिलेगा। देश में यूपी के गठबंधन का संदेश गया है। यूपी-बिहार से ही केंद्र में सरकार का रास्ता जाएगा। यूपी, बिहार और झारखंड में बीजेपी को बहुत नुकसान होने जा रहा है। वहीं अखिलेश यादव ने भी प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सपा बसपा गठबंधन की खुशी पूरे देश में है। दिल्ली से कलकत्ता तक के लोग हमारे फैसले से खुश हैं।
मायावती के बाद अखिलेश से मिले तेजस्वी, संघ और भाजपा पर बोला हमला

