मुंबई। मानखुर्द-शिवाजी नगर क्षेत्र की आबोहवा में सालों से ज़हर घोलने वाली और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनी SMS कंपनी को आखिरकार साल 2027 तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। लंबे समय से चल रहे जनसंघर्ष और समाजवादी पार्टी के सतत विरोध प्रदर्शनों के बाद इसे क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत और जीत के रूप में देखा जा रहा है।
इस सफलता के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक श्री अबू आसिम आज़मी जी की मौजूदगी में इस लंबे संघर्ष को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान एल.ई.डी. पर अबतक किये गए संघर्ष को दिखाते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और स्थानीय नागरिकों के अभूतपूर्व योगदान को सराहा गया। जिसमें कंपनी के खिलाफ सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी ने व्यापक अभियान चलाना, कई बार बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन और विरोध मार्च निकाना, विधानसभा सदन में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार और प्रशासन पर कंपनी को बंद करने या स्थानांतरित करने का दबाव बनाना तथा अदालती मोर्चे पर भी कानूनी लड़ाई लड़कर प्रदूषण नियंत्रण मानकों के उल्लंघन का मुद्दा मजबूती से रखाना इन सभी कार्यों को याद किया गया | सपा प्रदेश अध्यक्ष श्री अबू आसिम आज़मी ने इस उपलब्धि के लिए मानखुर्द-शिवाजी नगर के सभी क्षेत्रवासियों को हार्दिक मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि यह जीत उन सभी स्थानीय लोगों के धैर्य और अटूट संघर्ष की जीत है, जिन्होंने प्रदूषण के खिलाफ कभी अपनी आवाज़ बंद नहीं होने दी। उन्होंने संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने वाले प्रत्येक नागरिक और कार्यकर्ता का आभार व्यक्त किया।
तथा यह भी स्पष्ट किया कि 2027 में कंपनी के बंद होने की समय-सीमा तय हो चुकी है, लेकिन मानखुर्द-शिवाजी नगर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण दिलाने का यह अभियान यहीं नहीं थमेगा। आने वाले दिनों में भी क्षेत्र के पर्यावरण और निवासियों के स्वास्थ्य अधिकारों की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
मानखुर्द-शिवाजी नगर के स्थानीय संघर्ष रंग लाया, प्रदूषण फैलाने वाली SMS कंपनी 2027 में होगी बंदः अबू आसिम आजमी

