नई दिल्ली: छह बार की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर एमसी मेरीकॉम को बिना ट्रायल के वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह मिल गई है। राज्य सभा सांसद मैरीकाॅम ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को पत्र लिखकर ट्रायल नहीं कराने की बात कही थी। उनका कहना था कि ट्रायल में शामिल होने वाले दोनों खिलाड़ियों को उन्होंने हराया है। ऐसे में ट्रायल का औचित्य नहीं है। फेडरेशन ने मैरीकॉम की बात को मानते हुए ट्रायल नहीं कराने का फैसला किया।
इस कारण 51 किग्रा वेट कैटेगरी की एक अन्य खिलाड़ी निखत जरीन को ट्रायल में पहुंचने के बाद भी खेलने नहीं दिया गया। उन्होंने बॉक्सिंग फेडरेशन को पत्र लिखकर ट्रायल कराने को कहा है। चैंपियनशिप के लिए 6 से 8 अगस्त तक दिल्ली में ट्रायल चल रहे हैं। सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन राजेश भंडारी ने कहा है कि मैरीकॉम ने कोच के माध्यम से ट्रायल में भाग न लेने को लेकर पत्र दिया था। वे लगातार इंटरनेशनल में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। इसलिए ट्रायल नहीं हुए।
इंडिया ओपन की एक अन्य चैंपियन भाग्यबती ट्रायल में हारकर बाहर
मई में इंडिया ओपन के सेमीफाइनल में मेरीकॉम ने निखत को 4-1 से और फाइनल में वनलाल को 5-0 से हराया था। इस कारण उन्होंने ट्रायल नहीं कराने को कहा था। वहीं इंडिया ओपन में 75 किग्रा वेट कैटेगरी का गोल्ड भाग्यबती ने जीता था, लेकिन वे बुधवार को ट्रायल में हारकर बाहर हाे गईं। उन्हें पूजा रानी ने हराया। पूजा रानी इंडिया ओपन में फर्स्ट राउंड में हार गई थीं। स्वीटी ने इस कैटेगरी के एक अन्य मैच में पूजा को हराया। पूजा इंडिया ओपन की सिल्वर मेडलिस्ट हैं। स्वीटी और पूजा रानी के बीच होने वाले मैच के विजेता को वर्ल्ड चैंपियनशिप में उतरने का मौका मिलेगा। चैंपियनशिप के मुकाबले 3 से 13 अक्टूबर तक रूस में होने हैं।
मैं 2016 वर्ल्ड चैंपियनशिप में उतर चुकी हूं, उम्र कोई पैमाना नहीं होना चाहिए: निखत
एशियन चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली 23 साल की निखत जरीन ने कहा, “मुझे आश्वासन दिया गया था मेरा ट्रायल बुधवार को होगा। लेकिन मेरी कैटेगरी का मुकाबला ही नहीं हुआ। पहले मंगलवार को मेरा मैच वनलाल से होना था।” निखत ने फेडरेशन के अध्यक्ष अजय सिंह को लिखे ई-मेल में कहा, “सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि मेरा मुकाबला नहीं होगा। मैं इस फैसले से हैरान हूं, क्योंकि मैंने 2016 में भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। अगर मैं उस समय हिस्सा लेने के लिए तैयार थी, तो 2019 में क्यों नहीं। मैं निश्चित तौर पर पहले से ज्यादा युवा नहीं हो सकती। ऐसे में मुझे बाहर करने के पीछे युवा होना कारण नहीं हो सकता।”
2016 में निखत जरीन 54 किग्रा वेट कैटेगरी में उतरी थीं और क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं। जबकि मेरीकॉम 51 किग्रा वेट कैटेगरी में शामिल हुई थीं। निखत ने लिखा, “अगर हम सभी के लिए नियम बने हैं तो इसे लागू करना चाहिए। मैं आपके दखल की उम्मीद करती हूं, जिससे हर खिलाड़ी का विश्वास बना रहे।” 69 किग्रा वेट कैटेगरी में लवलीना को भी बिना ट्रायल के टीम में जगह मिल गई है।
5 कैटेगरी के बॉक्सर तय, 5 अन्य के आज होंगे
51 किग्रा में मेरीकॉम और 69 किग्रा में लवलीना का नाम फाइनल है। 54 किग्रा में जमुना ने शिक्षा को, 81 किग्रा में नंदिनी ने लालफकमावी को और 81+ किग्रा में कविता ने नेहा को हराकर जगह बनाई। 48 किग्रा, 54 किग्रा, 57 किग्रा, 60 किग्रा और 75 किग्रा कैटेगरी के खिलाड़ी गुरुवार को तय होंगे।

