डीसी को लेकर सबसे ज़्यादा चर्चा जिस बात की हो रही है, वह है इसकी नई और बिल्कुल हटकर ऑन-स्क्रीन जोड़ी। पहली बार फिल्ममेकर से अभिनेता बने लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी एक साथ बड़े पर्दे पर नज़र आएंगे, और यह फ्रेश पेयरिंग पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा चुकी है।
अपने बहुप्रतीक्षित एक्टिंग डेब्यू के साथ लोकेश कनगराज फिल्म डीसी में पहली बार लीड रोल निभा रहे हैं। कैमरे के पीछे दमदार एक्शन फिल्मों की नई पहचान बनाने वाले लोकश अब कैमरे के सामने देवदास के किरदार में दिखाई देंगे। यह किरदार जुनून, संवेदनशीलता और एक मजबूत मकसद से भरा हुआ है, जो उनके अभिनय का बिल्कुल नया रंग पेश करेगा। वहीं उनके अपोज़िट हैं वामिका गब्बी, जो फिल्म में चंद्रा का किरदार निभा रही हैं। चंद्रा की ज़िंदगी उस वक्त अनपेक्षित मोड़ लेती है, जब किस्मत उसे देवदास से मिलाती है। अपने इमोशनल और कई परतों वाले किरदारों को बखूबी निभाने के लिए मशहूर वामिका और लोकेश की नई स्क्रीन प्रेज़ेंस मिलकर इस साल की सबसे दिलचस्प और ताज़गी भरी ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक बनाती है।
देवदास और चंद्रा की कहानी किसी पारंपरिक प्रेम कहानी जैसी नहीं है। उनका रिश्ता हालात, टकराव और एक ऐसे भावनात्मक जुड़ाव से आकार लेता है, जो हाई-ऑक्टेन एक्शन के बीच धीरे-धीरे गहराता है। दोनों की बिल्कुल अलग शख्सियतें और उनके रिश्ते का सफर फिल्म की भावनात्मक और रोमांटिक परतों को और भी असरदार बनाता है। यही वजह है कि यह नई जोड़ी बड़े पर्दे पर दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनने वाली है। अरुण मथेश्वरन के निर्देशन में बनी डीसी को सन पिक्चर्स ने प्रोड्यूस किया है, जबकि उत्तर भारत के हिंदी भाषी बाज़ार (HSM) में फिल्म का वितरण धर्मा प्रोडक्शंस कर रहा है। यह फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की जोड़ी बनी डीसी का सबसे बड़ा सरप्राइज़, जिसे देखने का इंतज़ार रहेगा!

