रांची:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और जगन्नाथ मिश्र से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में 23 साल बाद मुकदमा बयान तक पहुंचा है। अभियोजन साक्ष्य बंद होने के बाद एक बार फिर दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत सभी आरोपितों को अदालत में सशरीर मौजूद होकर सवालों के जवाब देने होंगे।
लालू पर लगे आरोपों को लेकर सीबीआई की विशेष अदालत सवाल तैयार करेगी। उन्हीं सवालों के जवाब सीबीआई के विशेष जज के सामने देने होंगे। लगभग 22 से 25 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें से घोटाले से जुड़े 18 सवाल हो सकते हैं। हालांकि लालू प्रसाद चारा घोटाले के चार मामलों में सवालों के जवाब दे चुके हैं। इस कारण उनको जवाब देने में अधिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। लालू प्रसाद अदालत में सवालों के जवाब तो देंगे ही साथ में लिखित जवाब भी दे सकते हैं। उतने ही सवाल जगन्नाथ मिश्र से भी पूछे जाएंगे।
176 पर चार्जशीट, 116 कर रहे मुकदमे का सामना
डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपए से अधिक अवैध निकासी से जुड़े चारा कांड संख्या आरसी 47ए/96 मामले में सीबीआई ने जांच पूरी करते हुए 176 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। जबकि 148 आरोपितों के खिलाफ आरोप तय किया गया था। लगभग 23 साल चली लंबी सुनवाई के दरम्यान कई आरोपियों का निधन हो चुका है। वर्तमान में 116 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

