नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए पूरे देश को 21 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया है। राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में उन्होंने इस बात की घोषणा करते हुए कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के जरिए ही इस वायरस के संक्रमण को रोका जा सकता है। पीएम के इस ऐलान का दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे बेहद जरूरी बताया है।
अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘प्रधानमंत्री जी द्वारा घोषित किया हुआ 21 दिनों का देशव्यापी लॉकडाउन कोरोना को फैलने से रोकने के लिए बेहद जरूरी है। मैं दिल्ली के हर व्यक्ति को आश्वस्त करता हूं कि अगले तीन सप्ताह तक सभी जरूरी सामानों की सप्लाई में कोई कमी नहीं होने देंगे। इस मुश्किल समय में आपकी हर जरूरत का ख्याल रखा जाएगा।’
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के कारण विनिर्माण कार्यों में लगे मजदूरों की जीविका प्रभावित हो रही है, ऐसे में दिल्ली सरकार प्रत्येक मजदूर को पांच-पांच हजार रुपये देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि दिल्ली कोरोना वायरस महामारी के तीसरे चरण में पहुंचने की स्थिति में जाती है तो उससे कैसे निपटा जाए, इस पर सलाह देने के लिए उन्होंने पांच डॉक्टरों की एक टीम गठित की है जिसे 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में पिछले 40 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है और वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 30 से कम होकर 23 हो गयी है।
लॉकडाउन का अरविंद केजरीवाल ने किया समर्थन, बोले- दिल्ली की जनता को किसी चीज की दिक्कत नहीं होने दूंगा

