नीरज राज,(बस्ती-उ.प्र.)। रूधौली थाना क्षेत्र के कुचुरूआ गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। रामकुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा, जिसमें गांव की आरसीसी सड़क को तोड़ने से रोकने और पहले से क्षतिग्रस्त हिस्से को पुनर्निर्माण करने की मांग की गई। इसके साथ ही, बेघर ग्रामीणों के लिए सरकारी आवास की व्यवस्था करने की अपील भी की गई।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बगियाडीह पुरवा, जहां लगभग 50 परिवार रहते हैं, वहां की सीसी सड़क को तोड़ने का कार्य उप जिलाधिकारी रूधौली के आदेश पर शुरू किया गया है। यह सड़क पहले खड़ंजा थी, जिसे ग्राम प्रधान ने सीसी रोड में तब्दील करवाया था। यह रास्ता वर्षों से ग्रामीणों के आवागमन का मुख्य मार्ग रहा है। सड़क तोड़े जाने से गांव का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे दैनिक जीवन में मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क को तोड़ने का कार्य तत्काल रोका जाए और क्षतिग्रस्त हिस्से को फिर से बनवाया जाए। साथ ही, गांव में बेघर परिवारों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान पवन कुमार, रामवृक्ष, कैलाशी, पिन्टू, जितेंद्र कुमार, पुष्पा, शीला, वंदना, रानी, पूनम, गीता, रीना सहित कुचुरूआ के कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे और सख्त कदम उठाने को मजबूर होंगे।
कुचुरूआ में आरसीसी सड़क तोड़ने पर रोक की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, सौंपा ज्ञापन

