अभिनेत्री कुब्रा सैत ने दिग्गज पर्वतारोही निर्मल “निम्स” पुर्जा के निधन की खबर पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है। इन दिनों नेपाल में मौजूद कुब्रा ने कहा कि यह क्षति उनके लिए बेहद व्यक्तिगत है। उन्होंने निम्स को “हमारे समय के सबसे महान पर्वतारोहियों में से एक” बताते हुए कहा कि उनके जाने से पूरी पर्वतारोहण बिरादरी को गहरा आघात पहुंचा है।
निम्स की असाधारण उपलब्धियों को याद करते हुए कुब्रा ने कहा कि उन्होंने महज़ 6 महीने और 6 दिनों में दुनिया की सभी 14 आठ-हज़ारी चोटियों को फतह कर मानवीय क्षमता की सीमाओं को नई परिभाषा दी। उनके मुताबिक, निम्स का सफर केवल रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि वह साहस, धैर्य और पहाड़ों के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था। कुब्रा ने कहा, “मैं आज नेपाल में हूं। यह उनका घर है और इसलिए यह क्षति मेरे लिए बेहद निजी महसूस हो रही है।” उन्होंने बताया कि पहाड़ों के बीच रहकर यह खबर सुनना उनके लिए और भी भावुक कर देने वाला अनुभव है।
पहाड़ों से मिली सीख साझा करते हुए उन्होंने कहा, “पहाड़ आपको विनम्र बनाते हैं। वे आपको एहसास दिलाते हैं कि आप कितने छोटे हैं। और दिलचस्प बात यह है कि शिखर तक पहुंचना कभी अंतिम मंज़िल नहीं होता। वहां आप कुछ मिनट जश्न मना सकते हैं, लेकिन असली चुनौती सुरक्षित नीचे लौटने की होती है।” हालांकि कुब्रा ने स्वीकार किया कि उनकी निम्स से कभी व्यक्तिगत मुलाकात नहीं हुई, लेकिन पहाड़ों के प्रति साझा सम्मान और पर्वतारोहण के जुनून ने उन्हें उनसे गहराई से जोड़े रखा। उन्होंने कहा, “मैं उनसे कभी नहीं मिली। लेकिन जिसने भी कभी पर्वतारोहण के जूते पहने हैं, ऊंचाई पर गहरी सांस ली है या किसी पहाड़ को सम्मान और विस्मय के साथ देखा है, वह जानता है कि हमने सच में अपना एक साथी खो दिया है।” कुब्रा ने निम्स के परिवार, उनके साथियों और दुनिया भर के पर्वतारोहियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है। उनकी विरासत को याद करते हुए उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “शांति से विश्राम करें, निम्स। आपकी चढ़ाई भले ही पूरी हो गई हो, लेकिन आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को हमेशा नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा देती रहेगी।”
https://www.instagram.com/reel/Dbf8-gDoz4R/?igsh=MW0wamZybjJtdm1jcg==
कुब्रा सैत ने पर्वतारोही निर्मल “निम्स” पुर्जा को दी भावुक श्रद्धांजलि: “हमने सच में अपना एक साथी खो दिया है”

